दुर्ग
दुर्ग, 10 जनवरी। मौसम के बदलते मिजाज ने किसानों की चिंता फिर बढ़ा दी है। जिले में किसानों के खलिहानों में अभी भी 15 लाख क्विंटल धान पड़े हुए हैं, जिन्हें किसान अब तक नहीं बेच पाए हैं। वहीं शासकीय संग्रहण एवं उपार्जन केन्द्रों में भी 22 लाख क्विंटल से अधिक धान खुले आसमान के नीचे रखे हुए हैं।
सप्ताह भर पहले हुई बेमौसम बारिश से फसलों को भारी नुकसान पहुंचा था। फसलों को हुई क्षति का आंकलन के लिए सर्वे करने के निर्देश दिए गए हैं मगर अब तक इससे फसलों को हुए नुकसान का रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुआ है। वहीं दूसरी ओर अब पुन: बारिश की स्थिति बन रही है, जिसे लेकर किसान परेशान है। पिछली बार हुई बारिश में उपार्जन केन्द्रों के अलावा किसानों के खलिहानों में रखे धान सहित उनके द्वारा रबी फसल के लिए डाले गए बीज को भी भारी नुकसान हुआ था। बीज खराब होने के बाद कई किसानों ने पुन: बोनी किए हैं। मौसम विभाग द्वारा आने वाले दिनों में बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। जिलों में पिछले 2 दिनों से आसमान पर बादल छाए हुए हैं। पुन:बारिश होने पर किसानों द्वारा बोए गए बीज को क्षति पहुंच सकती है। वहीं इससे फिर धान खरीदी प्रभावित होने की संभावना बढ़ गई है। पिछली बार बारिश होने के कारण कई उपार्जन केन्द्रों में लगभग सप्ताह भर धान खरीदी प्रभावित रहा। इससे प्रभावित किसान उपार्जन केन्द्रों के माध्यम से समर्थन मूल्य पर अपना धान विक्रय के लिए बाट जोह रहे हैं, जो भी इन दिनों दुविधा की स्थिति में है।