दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 10 जनवरी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट लिखने वाले आरोपी को भिलाई से गिरफ्तार कर लिया गया है।
सुपेला टीआई सुरेश ध्रुव ने बताया कि आरोपी लगातार पुलिस को छकाता रहा। मुखबिर से सूचना मिली कि वह शुक्रवार की शाम अपने घर पर है। जैसे ही पुलिस टीम को भेजा, वह कुछ मिनट पहले ही वहां से भाग गया। इसके बाद पुलिस ने एक टीम को उसके पीछे लगा दिया। रविवार की सुबह आरोपी जैसे ही अपने परिवार वालों से मिलने घर पहुंचा, पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गौरतलब हो कि सुपेला थाना में आरोपी संतोष कुमार ठाकुर (48 वर्ष) के खिलाफ धारा 292 और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था, तब से वह फरार था।
थाना प्रभारी सुरेश ध्रुव ने बताया कि आरोपी मॉडल टाउन सुपेला निवासी संतोष कुमार ठाकुर (48 वर्ष) के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत 6 जनवरी की रात मामला दर्ज किया गया था। उसने अपने मोबाइल से सोशल मीडिया साइट फेसबुक पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ अश्लील शब्दों का इस्तेमाल करते हुए एक पोस्ट डाला था। आरोपी ने पोस्ट में मुख्यमंत्री के खिलाफ कई अनर्गल आरोप लगाए थे। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार करने के लिए तलाश जारी की गई थी। गिरफ्तारी बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड में भेज दिया है।