दुर्ग

निगम के विकास के लिए जो सपने देखे, उसे पूरा करें-भूपेश
09-Jan-2022 9:17 PM
निगम के विकास के लिए जो सपने देखे, उसे पूरा करें-भूपेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 9 जनवरी। भिलाई नगर निगम के महापौर एवं सभापति के पदभार ग्रहण समारोह के अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी पहुंचे।  मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर नव निर्वाचित प्रतिनिधियों से कहा कि आपने निगम के विकास को लेकर जो सपने देखे हैं उन्हें पूरा करने का अवसर जनता ने आपको दिया है।  जिसे आप सभी को  संकल्पबद्ध होकर युद्ध स्तर पर पूरा करें। जनता से जो वादे अपने किए हैं, उसे निभाने युद्ध स्तर पर जुट जाएं। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर महापौर नीरज पाल को बधाई देते हुए कहा कि नीरज ने सेक्टर 5 एरिया में जिस तरह से विकास किया है वह काबिले तारीफ है। शहीद भगत सिंह के नाम पर यहां पार्क बना है। उन्होंने कहा कि यहां शहीद-ए-आजम पार्क देखते ही बनता है और महापुरुषों की स्मृतियों को संजोने का सुंदर काम हुआ है। उन्होंने कहा कि नीरज में जो विजन है वह भिलाई को विकास की नई ऊंचाइयां देने में मदद करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महापौर तथा प्रतिनिधि यह भी देखें कि पटरी पार का भी तेजी से विकास हो, कोसा नगर, राधिका नगर हुडको आदि क्षेत्रों में भी तेजी से विकास कार्य बढ़ाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार समावेशी विकास की राह पर चलती है ग्रामीण क्षेत्रों के साथ ही शहरी क्षेत्रों का भी विकास हो , इसका हम पूरा ध्यान रखते हैं।

 मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरी स्पष्ट मान्यता है कि हमारी ग्रामीण अर्थव्यवस्था जड़ों की तरह है जब हम जड़ों को सिंचित करेंगे तो वृक्ष भी विकसित होगा। ग्रामीण अर्थव्यवस्था से संबंधित कर्ज माफी योजना,राजीव गांधी न्याय योजना गोधन न्याय योजना आदि के माध्यम से बड़े पैमाने पर राशि बाजार में पहुंची है जिससे शहरी अर्थव्यवस्था भी गुलजार हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार अब तक 66 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हो चुकी है और यह खरीदी एक करोड़ मीट्रिक टन से अधिक जाने की संभावना है। इस तरह 25000 करोड रुपए बाजार में आएंगे।

इस मौके पर विधायक देवेंद्र यादव, विधायक अरुण वोरा, खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन, महापौर धीरज बाकलीवाल, पूर्व विधायक प्रदीप चौबे, अंत्यावसायी निगम के उपाध्यक्ष नीता लोधी, मंडी बोर्ड के अध्यक्ष अश्विनी साहू, सहकारी बैंक के अध्यक्ष जवाहर वर्मा उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट