दुर्ग
सिर्फ 28 हजार जब्ती पर पुलिस पर लगे गंभीर आरोप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 8 जनवरी। छावनी थाना अंतर्गत पॉवर हाउस रेलवे स्टेशन के समीप होटल लैंडमार्क के एक कमरे में समूह बनाकर लाखों रुपए का जुआ खेल रहे दर्जन भर जुआरियों को सीएसपी के नेतृत्व में पहुंची छावनी पुलिस टीम ने धरदबोचा।
हालांकि यहां लाखों का दांव लग रहा था, पर पुलिस द्वारा मात्र 28 हजार 200 रूपये की जब्ती दिखाने पर सवाल उठ रहे हैं कि दर्जन भर जुआरी मात्र 1 से 2 हजार रूपये का दांव लगाने आलीशान होटल का कमरा बुक कैसे करेंगे?
पकड़े गए जुआरी रसूखदार परिवार से हैं, इसलिए उन्हें छुडाऩे देर रात तक पावर रखने वाले राजनीतिज्ञ प्रयास करते देखे गए हैं।
शाम 8 बजे छापेमारी में जिले का जुआ किंग बिहार जमाल सिद्धकी उर्फ नियाज को भी पकड़ा गया है। कोविड-19 प्रोटोकॉल का उल्लंघन किए जाने के कारण पुलिस द्वारा भाजपा नेता जो कि होटल संचालक है, के खिलाफ भी कार्रवाई हो सकती है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय ध्रुव ने बताया कि पुलिस को लगातार पिछले तीन-चार दिनों से होटल लैंडमार्क में बड़े पैमाने पर जुआ खेलने की सूचना प्राप्त हो रही थी। कल रात को पॉवर हाउस रेलवे स्टेशन के होटल लैंडमार्क में दबिश दी गई और एक कमरे में बंद होकर करीब 12 जुआरी समूह बना कर जुआ खेल रहे थे। सभी जुआरियों के पास से करीब 28 हजार 200 रूपये पुलिस द्वारा जब्त किया गया है।
पकड़े गए जुआरियों में पवन सोनकर (40 वर्ष) निवासी जलेबी चौक कैंप-2, सिंह पीटर (32 वर्ष) प्रगति नगर कैंप-2, घनश्याम मानिकपुरी (29 वर्ष) रामनगर आजाद चौक, बबलू सोनकर (35 वर्ष) सूर्य नगर टाटा लाइन, शंकर साहू (34 वर्ष) श्याम नगर कैंप-2, विक्रम सिंह (35 वर्ष) लिंक रोड श्याम नगर कैंप-2, मनजीत सिंह 36 वर्ष लिंक रोड कैंप-2, बिहार जमाल सिद्धकी उर्फ नियाज (38 वर्ष) कैंप-2 पावर हाउस, चंदू लाल (45 वर्ष) शारदा पारा, राजेश जयसवाल (40 वर्ष) एमजी नगर वार्ड 36 एवं ज्ञान सिंह उर्फ ज्ञानी (58 वर्ष) निवासी श्याम नगर लिंक रोड कैंप-2 को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के द्वारा जिले में धारा 144 लागू होने के बावजूद होटल संचालक के द्वारा एक ही कमरे में 12 लोगों को इस अवैधानिक कार्य को करने के लिए अनुमति दी गई, इस कारण होटल संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। कई दिनों से होटल में जुआ खेले जाने की सूचना मिलने के कारण होटल से पिछले 10 दिनों का सीसीटीवी फुटेज व एंट्री रजिस्टर भी जब्त किया जा रहा है।
विदित हो कि यह हाई प्रोफाइल जुआ का मामला होने की वजह से पकड़े गए लोगों को छुड़ाने के लिए कुछ लोग छावनी थाना परिसर में रात को ही पहुंच गए। इसमें भिलाई दुर्ग के एक बड़े ट्रांसपोर्टर का मैनेजर और एक निर्दलीय पार्षद का खास समर्थक भी शामिल था। इन लोगों ने बताया कि दोनों की पुलिस के एक अफसर के साथ काफी देर तक चर्चा हुई। उसके बाद इन लोगों से कहा गया कि जल्द ही सभी को छोड़ दिया जाएगा।
