दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 8 जनवरी। भिलाई-3 की एसबीआई शाखा के खाताधारी से साढ़े 10 लाख रूपये की धोखाधड़ी का मामला प्रकाश में आया है। शिकायत बाद पुरानी भिलाई पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि पंचशील नगर बीएमवाय चरोदा निवासी 62 वर्षीय वीएस शर्मा के एसबीआई बैंक खाता से 10 लाख 53 हजार 699 रूपये की साईबर ठगी हुई है। उनका खाता एसबीआई बैंक पदुमनगर भिलाई 3 ब्रांच में है। गत 15 दिसंबर को प्रात: 11 से 12 बजे के मध्य उन्होंने अपने निजी कार्य के लिए 6 हजार रूपये निकाले थे। इसके एक सप्ताह बाद एसबीआई बैंक यूनो एप डाउनलोड कराने गये तो भीड़ होने के कारण उन्होंने अपनी पासबुक एंट्री कराया तो देखा कि उनके खाता में एक भी रूपये नहीं हैं।
बैंक मैनेजर से मिलकर खाते की जानकारी ली तो बैंक मैनेजर ने बताया कि इस खाते में 15 दिसंबर को किसी अज्ञात व्यक्ति ने 4 लाख 24 हजार रूपये की एफडी के आधार पर लोन लेकर खाते में डाला है। उसी दिनांक को खाते से एक बार 5 लाख तथा दूसरी बार 2 लाख करके कुल 7 लाख रूपये ट्रांसफर कर लिया गया है। 16 दिसंबर को पुन: मेरे खाते से 7 हजार 802 रूपये ट्रांसफर किया गया। उसके बाद पुन: एफडी के आधार पर 2 लाख 25 हजार रूपये का लोन लेकर इसी दिन खाते से 2 लाख रूपये ट्रांसफर किया गया। फिर खाते से 1 लाख 14 हजार 248 रूपये का लोन लिया गया और उसी दिन 1 लाख 38 हजार 500 रूपये खाते से ट्रांसफर किया गया। फिर से इस खाते से 1 हजार 397 रूपये को ट्रांसफर कर लिया गया। इस तरह खाते से किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा कुल राशि 10 लाख 53 हजार 699 रूपये की धोखाधड़ी कर ट्रांसफर कर लिया गया है।
एसबीआई बैंक मैनेजर ने शर्मा को बताया कि उनके खाते में वर्तमान में मोबाइल नंबर चल रहा है, जो वर्ष 2018 से चल रहा है। जबकि शर्मा का कहना है कि वर्ष 2018 में वे रेल्वे में नौकरी करते थे तथा बैंक खातों में उनका सरकारी सिम नंबर था। उसी नंबर पर बैंक की सारी जानकारी उन्हें मिलती थी तथा बैंक मैनेजर द्वारा बताया गया ईमेल आईडी उनका है ही नहीं। घटना दिनांक से पूर्व तक शर्मा के मोबाइल नंबर में ही बैंक की सारी जानकारी उन्हें मिलती थी। यह सारा ट्रांजैक्शन इंटरनेट के माध्यम से हुआ है।
श्री शर्मा की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस विवेचना कर रही है।