दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 7 जनवरी। कांग्रेस शासित नगर निगम दुर्ग में महापौर धीरज बाकलीवाल के नेतृत्व में 2 वर्ष के कार्यकाल पूरे होने पर भाजपा पार्षद दल ने प्रतिक्रिया देते हुए इसे अब तक की सबसे सुपर फ्लाप मेयर बताते हुए कहा कि बीते 2 वर्ष में शहर को नई परियोजना तो दूर विकास कार्यों के माध्यम पूरे देश व प्रदेश में पहचान देने मे योगदान देने वाले 5 से अधिक काबिल अफसरों को कांग्रेस परिषद के प्रताडऩा से तंग आकर नौकरी छोडऩी पड़ी और दुर्ग के विकास के लिए कोई नई योजना नहीं बनी बल्कि विकास कार्यों के लिए एक ढेला तक नहीं ला पाने के कारण अब शहर की पहचान गढ्ढों का शहर के रूप में होने लगी है, यही बड़ी उपलब्धि है।
इस संबंध में भाजपा पार्षद दल नेता अजय वर्मा, गायत्री साहू, देवनारायण चंद्राकर, चंद्रशेखर चंद्राकर, काशीराम कोसर,े नरेंद्र बंजारे, नरेश तेजवानी, ओमप्रकाश सेन, मनीष साहू, अजीत वैद्य, चमेली साहू, लीना, दिनेश, देवांगन शशि, द्वारिका साहू, हेमा शर्मा, पुष्पा गुलाब वर्मा, कुमारी साहू ने संयुक्त रूप से कहा है कि जब से निगम में कांग्रेस की सरकार बनी है तब से शहर के विकास थम गए हैं ।शहर के प्रमुख मार्गो से लेकर गली मोहल्लों में चारों तरफ गड्ढे ही गड्ढे नजर आ रहे हैं कोरोना की आड़ मे महापौर बाकलीवाल दो साल में केवल दो बार ही सामान्य सभा कि बैठक करा पाया वो भी केवल बजट बैठक का यह इस बात को प्रमाण है कि वे शहर कि जनता के मूलभूत समस्याओं पर चर्चा के लिए भागते रहे है। भाजपा पार्षदों ने आगे कहा कि दुर्ग शहर में कोरोना कि दूसरी लहर ने जो प्रचंड रूप दिखाकर सैकड़ों लोगों कि जान ली उनका कारण भी निगम महापौर के लापरवाही है।
क्योंकि जब पूरे प्रदेश कोरोना वायरस फैल रहा था तो महापौर व परिषद ने एक ओर बड़ी भीड़ वाला कार्यक्रम जिसमे राजेंद्र पार्क में फ्लावर शो,शिवनाथ नदी में बड़ा मेला,जगह जगह शहर में क्रिकेट मैच आयोजित कराकर भीड़ जुटाई जिसके कुछ दिनों बाद शहर कई वार्डो में कोरोना कि तबाही आई और कईयों कि प्राण ले ली लेकिन पूरा सत्तासीन परिषद विधायक अरुण वोरा के परिक्रमा करने में लगा रहा।
नेता प्रतिपक्ष अजय वर्मा ने आगे कहा कि महापौर धीरज बाकलीवाल के पूरे दो साल में निगम बड़े काबिल अधिकारी टी के देव, जे के केसरवानी,राजू पोद्दार, ए आर रहंगड़ाले सहित 5 अधिकारियों ने प्रताडऩा से तंग आकर नौकरी छोड़ दी नेता प्रतिपक्ष अजय वर्मा ने महापौर को निष्क्रिय बताते हुए कहा कि दो साल मे वे केवल एक बार पूरे वार्डो का भ्रमण किया है, वो भी सायकल यात्रा पर किंतु समस्या अभी भी जस के तस बनी हुई है। गली मोहल्ले में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। परिसीमन के बाद जो वार्ड की संख्या व क्षेत्र बढ़े हैं, वहा कोई प्लानिंग ही नहीं की है नतीजन कम कर्मचारी की वजह से वहां सफाई व्यवस्था खराब हो गई है।
भाजपा पार्षदों ने महापौर के दो वर्ष के कार्यकाल को पार्किंग घोटाला, निविदा घोटाला, कुत्ता बधिया करण में घोटाला यही बड़ी उपलब्धि है। जबकि पूरे निगम मे भ्रष्टाचार चरम पर है, जिसके चलते 4 करोड़ कि निविदा का टेंडर प्रक्रिया भी पूरी नहीं हो पाया है, और पूरा परिषद अब दोषियों को बचाने में लगी है। इस प्रकार महापौर बाकलीवाल का दो वर्ष के कार्यकाल सुपरफ्लॉप है।