दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 6 जनवरी। बर्थ डे पर लडक़ी को जबरन चाकलेट दे रहे युवक को मना करना उसे नागवार गुजरा और उसने अपने भाइयों के साथ मिलकर घर में जबरन घुसकर लडक़ी और उसकी मां की पिटाई कर दी। रिपोर्ट पर छावनी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 294, 323, 506, 34, 452 के तहत जुर्म दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।
पुलिस ने बताया कि कैम्प-1 निवासी 34 वर्षीय महिला अपने बच्चों के साथ घर पर थी। कल उनकी बेटी का जन्मदिन था। सुबह मोहल्ले का सलमान उनके घर के सामने आकर उनकी लडक़ी को जबरन चाकलेट देने लगा, जिसे लेने से उसने मना कर दिया। इसी बात से नाराज सलमान अपने भाई शाहरूख और अरबाज के साथ दोपहर को आकर लडक़ी को गालियां देने लगे। जब महिला ने विरोध किया तो उसे भी गालियां देकर जान से मारने की धमकी देते उनके घर में घुस गए और दोनों को डंडे से मारपीट करने लगे। पड़ोसी दीपक गुप्ता और मो अयूब के बीचबचाव करने पर तीनों वहां से भाग निकले। मारपीट से महिला के सिर, दाहिने पंजे, बांया कंधा व सीना में चोट आई है जबकि बेटी को धक्का देने से उसके सिर में चोट लगी है। प्राथमिक उपचार के बाद छावनी पुलिस ने महिला की रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध किया है।