दुर्ग

शतरंज खिलाड़ी एस. धनंजय का सम्मान
05-Jan-2022 6:17 PM
शतरंज खिलाड़ी एस. धनंजय का सम्मान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 5 जनवरी। दुर्ग जिला शतरंज संघ के तत्वावधान में शिवनाथ नदी तट में आयोजित संगीतमय कार्यक्रम  के दौरान शतरंज खिलाड़ी भिलाई के 20 वर्षीय एस धनंजय को प्रथम इंटरनेशनल मास्टर का नाम (उपाधि) मिलने पर भव्य सम्मान किया गया।

जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष एवं प्रदेश सचिव ईश्वर सिंह राजपूत, कोषाध्यक्ष तुलसी सोनी ने बताया कि उक्त सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र ठाकुर, कार्यक्रम के अध्यक्ष वरिष्ठ पत्रकार पुनीत कौशिक, विशेष अतिथि  छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के महामंत्री अशोक राठी एवं शिवनाथ महोत्सव के आयोजक  वरुण जोशी के हाथों शतरंज खिलाड़ी एस धनंजय को पहला इंटरनेशनल मास्टर का टाइटल मिलने पर शाल, श्री फल एवम ट्रॉफी (स्मृति चिन्ह) प्रदत्त कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर एस धनंजय की माता उमा माहेश्वरी एवं बहन कुमारी एस दुर्गा शिवानी भी विशेष रूप से उपस्थित थी। एस धनंजय भिलाई इस्पात संयंत्र में कार्यरत नागेश्वर राव के सुपुत्र है।

सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार राजेन्द्र ठाकुर  ने शतरंज को अपना लोकप्रिय खेल बताते हुए एस धनंजय को प्रथम इंटरनेशनल मास्टर नाम का टाइटल मिलने पर बधाई देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले के शतरंज खिलाड़ी को सम्मान मिलना हम सबके लिए तथा दुर्ग जिले एवम छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है। वरिष्ठ पत्रकार  पुनीत कौशिक ने भी अंतरराष्ट्रीय पटल पर शतरंज के क्षेत्र में जिले का नाम अंकित करने पर एस धनंजय को बधाई दी तथा शतरंज के बारे में बारीकी से जानकारी देते हुए भविष्य में  धनंजय को ग्रेंड मास्टर बनने  की आशा व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी। विशेष अतिथि अशोक राठी ने जिला शतरंज संघ की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान करने से उनका आत्म मनोबल बढ़ता है।

इस अवसर पर एस धनंजय ने जानकारी देते हुए बताया कि इंटरनेशनल मास्टर का टाइटल प्राप्त करने के लिए तीन नामों की जरूरत पड़ती है, इसके लिए नाम वाले टूर्नामेंट में  इंटरनेशनल मास्टर्स व ग्रैंड मास्टर्स जैसे दिग्गज खिलाडिय़ों से मुकाबला करते हुए बाजियां जितनी पड़ती है।

धनंजय ने आगे बताया कि स्पेन के बार्सिलोना में संपन्न 43 वी अंतरराष्ट्रीय  डेल वेल्स शतरंज प्रतियोगिता में उप विजेता बने तथा आठवीं सनवे सेठ जी एस इंटरनेशनल चेस फेस्टिवल में उमदा खेल का प्रदर्शन कर पहला नाम पाने में कामयाब हुए।

इस अवसर पर जिला शतरंज संघ के सचिव मिथिलेश बंजारे, उपाध्यक्ष दिनेश जैन, एस के भगत, हरीश सोनी, दिव्यांशु उपाध्याय ,संजय खंडेलवाल दीपक शर्मा, रचना बक्शी, प्रीति श्रीवास्तव, दलाल मयंक सिंह भारद्वाज ने अतिथियों का पुष्पाहार से स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन तुलसी सोनी एवं आभार प्रदर्शन ईश्वर सिंह राजपूत ने किया।


अन्य पोस्ट