दुर्ग

सुपेला सब्जी मंडी से 14 हजार किलो टमाटर गायब
04-Jan-2022 6:04 PM
सुपेला सब्जी मंडी से 14 हजार किलो टमाटर गायब

किसान से पौने 4 लाख की ठगी, जुर्म दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 4 जनवरी।
सुपेला के एक थोक सब्जी एजेंट ने कुम्हारी के किसान का 14 हजार किलो टमाटर का हेरफेर कर उसे पौने 4 लाख की चपत लगाई है। दो वर्ष से अपने टमाटर और रूपये के लिए मंडी में ठोकर खा रहे किसान ने सुपेला थाना पहुंच अमानत में खयानत का अपराध पंजीबद्ध करवाया है।

महामाया रोड कुम्हारी निवासी 35 वर्षीय कृषक कुलदीप यादव ने पुलिस को बताया कि ग्राम लहंगा डूमर में कृषि भूमि पर सब्जियां उगाता है और मौसम के अनुसार उगाई सब्जियों को ट्रक से छत्तीसगढ़ के जिलों एवं अन्य राज्यों में एजेंट के माध्यम से भेजने का काम करता है।

कुलदीप को दिसंबर 2019 में परिचित के कमीशन एजेंट ने बताया कि सुपेला सब्जी मंडी में टमाटर का रेट बहुत अच्छा है। सुपेला का कमीशन एजेंट मनोज जायसवाल के पास माल भेजना है और माल ले जाने वाले कमीशन एजेंट का नाम सुबोध कुमार की एसएस फर्म सुपेला में है।

सुबोध से चर्चा कर कुलदीप ने वाहन क्रमांक सीजी 04 जेडी 9199 से बिल-बिल्टी मनोज जायसवाल के नाम पर बना टमाटर का रेट 27 किलो की दर से 14 हजार किलो कुल कीमत 3 लाख 78 हजार रूपये तय कर माल ले जाने वाले एजेंट सुबोध कुमार के सुपुर्द कर दिया। टमाटर सुपेला मंडी में जाकर मनोज जायसवाल की दुकान पर उतरना था। कुलदीप की  लगातार सुबोध से बात मोबाइल पर हो रही थी। माल सुपेला भी पहुंच गया। अगले  दिन मनोज जायसवाल का किसान को फोन आया कि उसका टमाटर नहीं पहुंचा। फिर जब सुबोध कुमार से बात हुई है तो उसने माल पहुंचाने का आश्वासन दिया। इसके बाद लगातार सुबोध का फोन स्विच ऑफ बताने लगा।

जब ट्रक के ड्राइवर के पास फोन किया तो उसने बताया कि आपके कमीशन एजेंट के बताए अनुसार ट्रक का माल दूसरे वाहन में रात को ही लोड कर दिया गया था। वाहन भाड़ा भी सुबोध कुमार ने उसे दे दिया। जब सुबोध को फोन लगाया तो उसका फोन स्विच ऑफ था। दो दिनों तक फोन लगाने के बाद कुलदीप सुपेला स्थित फर्म एसएस गया, वहां ताला लगा हुआ था। लगातार पता तलाश पर भी सुबोध नहीं मिला और न ही उसकी जानकारी मिली कि ट्रक का 14 हजार किलो टमाटर कहां गया। लगभग 2 साल से कुलदीप लगातार उसकी खोज खबर ले रहा है पर सुबोध नहीं मिला।

मंडी से जानकारी मिली कि वह वर्तमान में नाम-पता बदलकर सुपेला में काम कर रहा है। लगातार खोज पर भी नहीं मिलने पर कुलदीप ने सुपेसा थाना में शिकायत की है। आरोपी सुबोध कुमार के खिलाफ धारा 406 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस जांच में जुट गई है।
 


अन्य पोस्ट