दुर्ग
59 सरकारी स्कूल के 90 फीसदी बच्चे हुए शामिल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 4 जनवरी। सोमवार से कोविड-19 वैक्सीनेशन का कार्यक्रम जो 15 से 18 वर्ष के बीच था, का सभी स्कूलों में उद्घाटन किया गया। वार्ड 33 में मुख्य अतिथि के रूप में पार्षद सत्या जायसवाल एवं आरके जायसवाल सहित अन्य समिति के सदस्य उपस्थित थे। वैक्सीनेशन को लेकर बच्चों में बहुत उत्साह देखा गया।
टीका लगने के बाद एक छात्रा ने कहा कि टीका लगने से किसी प्रकार का दर्द नहीं हुआ, वह डर की वजह से टीका लगाने से कतरा रही थी, लेकिन अब लग रहा कि सभी को टीका लगवाना चाहिए।
गौरतलब हो कि कोरोना से बचाव की वैक्सीन को लेकर 15 से 18 वर्ष तक के बच्चों में निजी स्कूलों की तुलना में सरकारी स्कूलों के छात्रों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। पहले दिन जिले के 81 स्कूलों में लक्षित 46 हजार 987 बच्चों में 29 हजार 951 बच्चों ने टीके की पहली खुराक ली। कल सुबह 8 बजे से शुरू हुआ वैक्सीनेशन तो शाम 5 बजे तक शेड्यूल्ड रहा लेकिन दोपहर 3 बजे तक हर स्कूल के सेंटर पर बच्चों का भीड़ खत्म हो गई। जिले के 59 सरकारी स्कूलों में अध्ययनरत 90 फीसदी बच्चों को वैक्सीन लग गई। बचे हुए बच्चों को अब रोटेशन अनुसार दोबारा लगने वाले शिविर में वैक्सीन लगाई जाएगी। डीपीएस, केपीएस जैसे निजी स्कूलों में भी पहले दिन बच्चों में वैक्सीनेशन को लेकर उत्साह दिखाई दिया। यहां भी 15 से 18 वर्ष तक बच्चों में 90 फीसदी ने पहली डोज लगवा ली।
कल शाम जिला प्रशासन से भी बच्चों के वैक्सीनेशन संबंधी आंकड़े जारी किए गए, जिसमें 80 स्कूलों में टीकाकरण करने की जानकारी दी गई। जिले में 1 लाख 51 हजार 182 बच्चों का टीकाकरण होना है। पहले दिन 50 हजार 340 बच्चों को पहली डोज लगाई, जिसमें 23 हजार 732 लडक़े और 26 हजार 608 लड़कियां शामिल हैं। टाउनशिप में सेक्टर-10 के सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बच्चों में काफी उत्साह दिखा। अंदर एक को टीका लग रहा था तो कक्ष के बाहर 9 बच्चे अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। दूसरे कक्ष में 22 बच्चों ऐसे थे, जो क्रमवार अपना पंजीकरण करा रहे थे। सर्वर बीजी होने की वजह पंजीकरण में थोड़ा समय जरूर लग रहा था लेकिन हर बच्चा टीका लगवाकर ही घर जाना चाह रहा था।
रामनगर के शकुंतला विद्यालय में बच्चों को भीड़ लगी थी। यहां चुने गए लक्ष्य से कम बच्चे जरूर पहुंचे, लेकिन जो भी थे, उनमें टीका लगाने को लेकर जबरदस्त उत्साह था। पंजीकरण के बाद स्टॉफ नर्स एक को टीका लगा रही थी, तो तीन लगाने के लिए लाइन में लगे थे। दूसरे कक्ष में 20 की संख्या में वे बच्चे बैठे थे, जिन्हें टीका लग चुका था। बच्चियों की भीड़ दूसरे कक्ष में दिखी।
डीआईओ डॉ. सीबीएस बंजारे ने बताया कि सोमवार से बच्चों को वैक्सीनेशन शुरू हुआ है इसलिए अभी जिनके बच्चे जिन स्कूलों में पढ़ाई कर रहे हैं, उन्हें उन्हीं के स्कूल में वैक्सीन लगेगी। पेरेंट्स दूसरे स्कूल में अपने बच्चों को वैक्सीन नहीं लगवा सकते हैं। स्कूल छोडऩे वालों को अभी नहीं बाद में वैक्सीन लगेगी। 15 से 18 वर्ष तक के जो बच्चे किसी भी स्कूल में दाखिल नहीं हैं, उन्हें अभी वैक्सीन नहीं लग पाएगी। 411 स्कूलों में दाखिल कुल 1 लाख 5 हजार 182 बच्चों को टीकाकरण निर्धारित लक्ष्य तक पूरा होने के बाद रूटीन में हो रहे शिविर में अन्य बच्चों को टीका लगेगा।