दुर्ग

डॉक्टर के घर से नगदी सहित सोने-चांदी के बीस सिक्के ले उड़े चोर, एटीएम पहुंच खाता भी कर दिया खाली
04-Jan-2022 12:57 PM
डॉक्टर के घर से नगदी सहित सोने-चांदी के बीस सिक्के ले उड़े चोर,  एटीएम पहुंच खाता भी कर दिया खाली

मोबाइल पर मैसेज देख हैदराबाद से परिवार समेत लौटे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 4 जनवरी।
बानबरद में डॉक्टर के सूने मकान का ताला तोड़ अज्ञात चोरों ने नगदी, सोने चांदी के सिक्के पार करने के बाद एटीएम और पिन नम्बर का लिफाफा ले एटीएम मशीन गए और बैंक खाता में रखे शेष रकम को भी निकाल लिया। हैदराबाद गए डॉक्टर के मोबाइल से जब रूपये निकालने का मैसेज आने लगा तब उन्होंने आनन-फानन पड़ोसी को फोन किया, तब पता लगा कि उनके घर चोरी हो गई है। नंदिनी पुलिस हैदराबाद से लौटे डॉक्टर की रिपोर्ट पर अज्ञात चोर के खिलाफ धारा 380, 457 के तहत जुर्म दर्ज कर मामले की तफ्तीश कर रही है।

नंदिनी थाना के एसआई जीएस यादव ने जानकारी दी कि 54 वर्षीय डॉ. हेमंत देशमुख बानबरद जामुल मेनरोड से लगे निवास पर ताला लगा 29 दिसंबर को परिवार सहित हैदराबाद अपने बेटी के घर गये थे। 31 दिसंबर की सुबह 9 बजे उनके बेटे अनूप देशमुख के मोबाईल पर एटीएम से पैसे निकालने का मैसेज आने लगा। चूंकि डॉक्टर अपना एटीएम घर की आलमारी के अंदर रख गए थे, उन्होंने अपने पड़ोसी अनिश देवांगन को उनका घर देखने के लिए मोबाईल से बोला।

कुछ देर बाद अनिश देवांगन ने फोन कर बताया कि घर के सामने व पीछे दरवाजा का ताला और आलमारी भी टूटी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही अगले दिन हेमंत हैदराबाद से निकले और कल बानबरद पहुंच देखा कि दरवाजा का ताला को कोई अज्ञात चोर द्वारा तोड़ घर के अंदर प्रवेश किया और आलमारी का लॉकर तोड़ भीतर रखे 35 हजार रूपये नगद एवं चादी के 10-10 ग्राम में 15 सिक्के, तथा सोने के 1-1 ग्राम के 5 सिक्के, एटीएम कार्ड तथा एटीएम का पिन कोड लिखा लिफाफा ले गए और एटीएम से 8 हजार और निकाल ले गए।
 


अन्य पोस्ट