दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 3 जनवरी। भिलाई में नए साल के दूसरे दिन संक्रमण दर 1.8 से बढक़र 4.5 प्रतिशत हो गई है। यहां सार्वजनिक जगहों पर मास्क व सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हो रहा है। दुर्ग जिले में कल फोर्स के जवान, इंजीनियरिंग छात्र सहित जिले में कुल 33 कोरोना मरीज मिले हैं। जिसमें 31 लोगों की आरटीपीसीआर जांच से और शेष की रैपिड एंटीजन किट की जांच में कोरोना की पुष्टि हुई है।
दूसरी लहर के बाद पहली बार संक्रमण दर 4.5 फीसदी हो गई है। कल 733 सैंपलों की जांच में 33 सैंपल संक्रमित पाए गए हैं। नए मरीजों से जिले में अब तक मिले कुल कोरोना मरीजों की संख्या 97 हजार 190 हो गई, जिसमें 95 हजार 272 मरीज रिकवर हुए और 1 हजार 806 की मौत हो गई है। लगभग 142 दिनों बाद जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या 100 पर जाकर 112 हो गई है। इससे पहले दूसरी लहर में 12 अगस्त तक जिले में 102 एक्टिव मरीज हुआ करते थे।
इधर एक्टिव मरीजों के मामले में दुर्ग जिले प्रदेश के टॉप 5 जिलों में शामिल हो गया है। जिले के राधिका नगर, वैशाली नगर, कैंप-1, मोहन नगर, हुडको, आनंद नगर, फरीद नगर, रूंगटा हॉस्टल, राम नगर, स्मृति नगर, पॉवर हाऊस मार्केट, अर्जुन नगर आदि क्षेत्रों संक्रमित एक्टिव हैं।
कल मिले कुल 33 मरीजों में 7 की उम्र 18 वर्ष से कम है। इसमें सबसे कम उम्र का बच्चा 10 वर्ष का है। इस अनुसार जिले में मिले कुल कोरोना मरीजों में 21 फीसदी बच्चे हैं और बुजुर्गों में संक्रमण दर 15 प्रतिशत हो गई है। कुल नए संक्रमित 33 मरीजों में महिलाओं की संख्या 9 है जबकि पुरुषों में 24 कोरोना पॉजिटिव हुए हैं। मूवमेंट के कारण पुरुषों में संक्रमण ज्यादा है। बाहर जाने वाली महिलाएं भी संक्रमित हुई हैं।
सीएमएचओ दुर्ग डॉ. गंभीर सिंह ने बताया कि रविवार को जिले में 33 नए कोरोना मरीज मिले हैं। संक्रमण दर 4 प्रतिशत से ज्यादा हो गई है। इस संदर्भ में आज मीटिंग बुलाई गई है। इस रफ्तार को कम करने के लिए सख्ती करनी पड़ सकती है। इसे लेकर मीटिंग में जैसा फैसला होगा उसका अनुपालन कराया जाएगा। लोगों से मास्क लगाने अपील की जा रही है।