दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 3 जनवरी। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे 22 वर्षीय युवक की कल लापरवाही के चलते मौत हो गई। वह दल्ली राजहरा से दुर्ग आ रही चलती ट्रेन से गेट में लटक कर थूकने का प्रयास कर रहा था, तभी सिग्नल पोल से टकरा ट्रेन के नीचे आ गया।
दुर्ग जीआरपी के हेड कांस्टेबल राजेश मिंज ने बताया कि दल्ली राजहरा निवासी पुष्पक मौर्य पिता विष्णु मौर्य (22 वर्ष) रविवार को दुर्ग सहायक श्रम परीक्षक की परीक्षा देने दोस्तों के साथ दल्ली राजहरा दुर्ग मेमू से आ रहा था। पुष्पक गेट पर ही खड़ा था और जैसे ही ट्रेन भिलाई की तरफ किलोमीटर नंबर 765/1 के पास पहुंची, वह गेट से नीचे थूकने लगा, पर अचानक सामने आया सिग्नल पोल पुष्पक के सिर से टकरा गया।
टक्कर लगने से पुष्पक ट्रेन से नीचे गिरकर पटरी में जा पहुंचा और उसका शरीर कई टुकड़ों में कट गया। जब ट्रेन रुकी तो उसके दोस्तों ने इसकी सूचना उसके घरवालों को दी। घरवाले सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे। जीआरपी ने पंचनामा कार्रवाई करके शव का पोस्टमार्टम कराया और उसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी मिली है कि पुष्पक के पिता विष्णु मजदूर हैं। पुष्पक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। सबसे बड़ा भाई गुलशन मौर्य टेलीकॉम पुलिस विभाग में है और भिलाई में उसकी ट्रेनिंग चल रही है। अनुराग बीएसएफ सुकमा में है और पुष्पक भी अपने भाइयों की तरह सरकारी नौकरी पाने की तैयारी कर रहा था। वह ग्रेजुएशन करने के बाद एमए प्रथम वर्ष का छात्र में था।