दुर्ग
कल मिले 11 संक्रमित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 31 दिसंबर। दुर्ग जिले में एक सप्ताह के भीतर कोरोना से तीन मौतें हो चुकी हैं और कल 1 हजार 384 लोगों के टेस्ट में 11 की पॉजिटिव रिपोर्ट आई है। विदित हो कि कोरोना की दूसरी लहर से अभी जिला पूरी तरह से उबर भी नहीं पाया कि यहां फिर से कोरोना संकट गहराने लगा है। कलेक्टर डॉ. एसएन भूरे ने स्वास्थ्य विभाग को अधिक से अधिक टेस्ट और वैक्सीनेशन के निर्देश दिए हैं।
गौरतलब हो कि जिले में सोमवार को 1 हजार 638 सैंपल में 5 पॉजिटिव मिले, मंगलवार को 2 हजार 112 टेस्ट में 7 पॉजिटिव और एक मौत हुई, बुधवार को 1 हजार 537 में तीन संक्रमित और कल 1 हजार 384 टेस्ट में 11 पॉजिटिव केस सामने आए हैं। कल अचानक पॉजिटिव का आंकड़ा दहाई अंक को क्रास करने से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। सीएमएचओ डॉ. गंभीर सिंह ठाकुर ने लोगों से अपील की है कि वह कोविड गाइड लाइन्स का सख्ती से पालन करें और जरूरी होने पर मास्क लगा कर ही घर से बाहर निकलें।
30 दिसंबर को मिले 11 में से लगभग 9 केस भिलाई के रिसाली, वैशाली नगर, उतई, दीपक नगर, बोरसी, हुडको और नेहरू नगर जैसे इलाकों से आए हैं। इस बीच जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार बाहर दूसरे राज्य खासकर विदेश से आने वालों पर सख्ती से नजर रखे हुए हैं। रेलवे स्टेशन में थर्मल स्कैनिक को जरूरी किया गया है, वहीं विदेश से आने वाले हर एक व्यक्ति की पूरी जानकारी लेकर उसका कोविड टेस्ट किया जा रहा है। विदेश से आने वाले लोगों का सैंपल ओमिक्रॉन टेस्ट के लिए भी बाहर भेजा जा रहा है।
सीएमएचओ दुर्ग डॉ. गंभीर सिंह ठाकुर के मुताबिक जिले में कोरोना संक्रमण का ग्राफ बढ़ रहा है। 22, 23 और 28 दिसंबर को एक-एक मौत के साथ ही कम सैंपल में 5-7 पॉजिटिव केस औसतन आए हैं। 27 दिसंबर से विभाग ने टेस्ट की संख्या को बढ़ाया है। टेस्ट की संख्या बढ़ाने से साफ पता चल रहा है कि यदि एक दिन में चार से पांच हजार टेस्ट किए जाएं तो आंकड़े भयावह होंगे, इसलिए लोगों से अपील की जा रही है कि वो सावधानी अवश्य बरतें।