दुर्ग

बरसे बादल, शहर में सडक़ें तो गांव में डूबी फसल
30-Dec-2021 5:59 PM
बरसे बादल, शहर में सडक़ें तो गांव में डूबी फसल

बारिश से भीग गया खुले में रखा धान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 29 दिसंबर। 
मंगलवार शाम से लगातार हो रही बारिश की वजह से जिले के उपार्जन केंद्रों व खलिहान में रखे लाखों क्विंटल धान पानी में भीग गया है। अधिकांश केंद्रों में रखे धान रात्रि में हुई बारिश से भीग जाने के बाद सुबह ताल पत्री से इसे ढंका गया। बारिश की वजह से जिले भर में धान खरीदी भी ठप पड़ गया है। इस बारिश से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लिए गए रबी एवं सब्जी की फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

जानकारी के मुताबिक जिले में इस खरीफ सीजन में किसानों से कुल 4647840 क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य रखा गया है। अब तक 2365954 क्विंटल धान की खरीदी उपार्जन केंद्रों के माध्यम से की जा चुकी है। उक्त खरीदे गए धान में से 1572134 क्विंटल धान खुले आसमान के नीचे उपार्जन केंद्रों में रखे हुए हैं। वही लगभग 23 लाख क्विंटल धान किसानों के खलिहानों में पड़े हुए हैं। 2 दिनों से जिले में हो रही बारिश की वजह से बहुत से उपार्जन केंद्रों में पानी भर गया है। वहीं बारदानों में भर कर रखे गए धान भी भीग गए हैं। किसानों के खलिहानों में रखे गए धान भी पानी में भी गया है। इससे धान की गुणवत्ता प्रभावित होने के साथ-साथ खराब भी होने की संभावना है। अनेक किसानों द्वारा उपार्जन केंद्रों में विक्रय के लिए लाए गए धान भी भीग गए हैं। ग्राम करंजा भिलाई निवासी कृषक घनश्याम बंछोर ने बताया कि उन्होंने अपने 6 एकड़ कृषि भूमि में रबी सीजन के लिए 4 दिन पहले गेहूं बीज की बोनी कर पानी सिंचाई किया था, इसमें अंकुरण भी आ गया था। अब बारिश के बाद उनके खेतों में पानी भर जाने से बीज सडक़र खराब हो गया है। इसी प्रकार धान विक्रय के लिए टोकन मिलने के बाद उन्होंने बारदाने में धान को भरकर खलिहान में रखा था, वह भी पानी में पूरी तरह भीग गया है। धमधा विकासखंड के ग्राम बसनी निवासी कृषक शेर सिंह ठाकुर ने बताया कि उनके खलिहान में 300 क्विंटल धान पड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि 35 एकड़ में उनके द्वारा लिए गए टमाटर की फसल पर भी बारिश का असर पड़ा है। पौधों में लगे 50 प्रतिशत टमाटर के फल फटकर खराब होना तय है।

इसी प्रकार सब्जियों की फसल को भी भारी नुकसान पहुंचा है। ग्राम परसबोड़ निवासी दानेश्वर साहू ने कहा कि टमाटर के फसलों की बल्लिया गिर जाने से इसके सडक़र खराब होने की संभावना है। कृषकों की माने तो तिवड़ा की फसल को इस बारिश से बहुत ज्यादा नुकसान की संभावना है। जिले में लगभग 10000 हेक्टेयर क्षेत्र में तिवड़ा की फसल किसानों ने लिए हैं। प्रगतिशील किसान संगठन के महासचिव देवेंद्र भूषण का कहना है कि रबी फसल लेने वाले जिन किसानों ने बीज की बोनी के बाद सिंचाई कर लिए थे, इस बारिश में ऐसे किसानों द्वारा बोए गए बीज खराब होने की संभावना है।
 


अन्य पोस्ट