दुर्ग

नौकरी दो या मौत-इसके आलावा कुछ भी स्वीकार नहीं
29-Dec-2021 4:35 PM
नौकरी दो या मौत-इसके आलावा कुछ भी स्वीकार नहीं

दुर्ग मेडिकल कॉलेज में जड़ा ताला, आरपार की लड़ाई लड़ेंगे चंदूलाल कॉलेज के निष्कासित कर्मी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 29 दिसंबर।
छत्तीसगढ़ सरकार के चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के अधिग्रहण के बाद यहां कार्यरत 101 मैनेजमेंट कर्मचारी पूरी तरह से बेरोजगार हो गए हैं, नतीजतन इनका आक्रोश प्रदर्शन का रूप अख्तियार कर गया है क्योंकि राज्य सरकार ने नई भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर मैनेजमेंट के कर्मचारियों का संविलियन करने से मना कर दिया है। इसे लेकर मंगलवार को सभी कर्मचारियों ने मैडिकल कालेज में ताला जड़ा और हड़ताल शुरू कर दी है।

गौरतलब हो कि हड़ताल पर बैठे प्रदर्शनकारी ‘नौकरी दो या मौत दो’ के नारे लगाकर राज्य सरकार से नौकरी देने की गुहार लगा रहे हैं। इनका कहना है कि यदि उनकी मांग नहीं मानी गई तो बड़ा आंदोलन करने को सभी मजबूर होंगे।

मंगलवार को ही चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के कर्मचारी अस्पताल और कॉलेज के अधिग्रहण के साथ ही कर्मियों के भी अधिग्रहण की मांग को लेकर सडक़ पर उतर आए हैं। उनका कहना है कि उनके सभी पदों को पहले बहाल किया जाए, उसके बाद नई वैकेंसी जारी की जाए।

प्रदर्शन कर रहे पूर्व कर्मचारियों का आरोप है कि इस संबंध में उन्होंने कई बार शासन, मुख्यमंत्री और राज्यपाल तक को पत्र लिखा है लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। इसलिए मंगलवार को तालाबंदी और एक दिवसीय हड़ताल की है जिसके तहत मेडिकल के गेट को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक बंद रखा और वहीं सामने धरना प्रदर्शन किया।

अस्पताल और मेडिकल कॉलेज से निकाले गए 101 कर्मचारियों का आरोप है कि पिछले 4 माह से वह लोग बेरोजगार और भूखमरी के कगार पर हैं। हड़ताल पर बैठे धनौष साहू ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के 101 कर्मचारियों के ऊपर रोजगार का संकट मंडरा रहा है। अधिग्रहण को लेकर हेल्थ सेक्रेटरी आलोक शुक्ला सोमवार को मेडिकल कॉलेज आए थे। सभी कर्मचारियों ने उनसे मिलने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने बात करने से मना कर दया। सरकार का कहना है कि चंदूलाल चंद्राकर मेमोरियल मेडिकल कॉलेज अधिनियम 2021 के कंडिका 12 में लिखा गया है कि पूर्व कर्मचारी शासन में बने रहने के लिए मांग नहीं कर सकते हैं। इसी अधिनियम का हवाला देकर वह लोग उनकी मांग नहीं मान रहे हैं, नतीजतन कर्मचारी अब आरपार आंदोलन करने का मन बना चुके हैं। सरकार से दो ही मांग है या तो सभी पूर्व कर्मचारियों को नौकरी दी जाए नहीं तो मौत दे दी जाए, इसके अलावा उन्हें कुछ भी स्वीकार नहीं है।
 


अन्य पोस्ट