दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 25 दिसंबर। दुर्ग शहरी क्षेत्र के प्रवेश द्वार नेहरू नगर चौक से लगे वार्ड क्रमांक 60 कातुलबोड से लेकर पुलगांव चौक एवं मिनीमाता चौक से अंजोरा तक कुल 118 करोड़ की लागत से बन रहे मुख्यमार्ग चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य में तेजी लाने वरिष्ठ विधायक अरुण वोरा द्वारा निर्देश देने के पश्चात लोनिवि ने नेहरू नगर चौक से राजेन्द्र पार्क चौक तक प्रथम चरण में डामरीकरण का कार्य प्रारंभ कराया गया। जिसके लिए 18 करोड़ की राशि खर्च की जाएगी।
विधायक वोरा ने महापौर धीरज बाकलीवाल व लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में नारियल फोड़ कर कार्य का शुभारंभ कराया। इसके पूर्व वोरा ने सर्किट हाउस में लोक निर्माण के सडक़, सेतु एवं बिजली तीनों विभागों की संयुक्त बैठक ली जिसमें उन्होंने रायपुर नाका एवं धमधा नाका अंडरब्रिज के कार्यों के साथ ही मुख्यमार्ग निर्माण एवं डिवाइडर में प्रकाश व्यवस्था के लिए बिजली पोल एवं एलईडी लाइट लगाने के कार्यों की समीक्षा की।
ब्रिज अधिकारियों ने बताया कि धमधा नाका अंडरब्रिज का कार्य तेजी से जारी है एवं मार्च माह तक पूर्ण कर दिया जाएगा व रायपुर नाका में नगर निगम द्वारा पाइप लाइन शिफ्टिंग की जा रही है, जिसका 70 फीसदी काम पूरा हो गया है। वोरा ने मुख्यमार्ग के दोनों ओर बनाई गई बाउंड्री वाल में किए जा रहे चित्रकारी एवं छत्तीसगढ़ की संस्कृति एवं पर्यटन स्थल से जुड़े म्यूरल आर्ट कार्य एवं 42 एमएलडी फि़ल्टर प्लांट के सामने प्रस्तावित उद्यान स्थल का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने कहा कि शहर की जनता को साफ सुथरी धूल मुक्त चौड़ी सडक़ की सौगात जल्द मिलेगी। सडक़ निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के लिए 64 करोड़ के साथ ही प्रकाश व्यवस्था के लिए भी 12 करोड़ की राशि स्वीकृत कराई गई है जिसके अंतर्गत सभी चौक चौराहों में हाई मास्ट लाइट एवं मार्ग विभाजक में दोनों ओर प्रकाश फैलाने 120 वाट के एलईडी बल्ब युक्त विद्युत पोल लगाए जाएंगे।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तेजी से कार्य पूर्ण करने निर्देश दिए। गौरतलब है कि लंबे समय से विधायक वोरा मुख्यमार्ग के उन्नयन हेतु प्रयासरत थे साथ ही समय समय पर अधिकारियों की बैठक लेकर कार्यों की समीक्षा एवं गुणवत्ता के निरीक्षण में भी लगातार सक्रिय हैं जिसके परिणाम स्वरूप शहर की जनता को स्मार्ट सडक़ एवं सुंदर चौक चौराहों की सौगात मिलने जा रही है। बार बार टेलीफोन, केबल एवं ऑप्टिकल फाइबर के नाम पर सडक़ को खुदाई से बचाने मेट्रो सिटी की तर्ज पर दोनों ओर नालियों के साथ ही सर्विस ड्रेन का भी निर्माण किया गया है जिसे आवश्यकता अनुसार उपयोग किया जा सके।
इस दौरान नगर निगम के एमआईसी अब्दुल गनी, एल्डरमैन राजेश शर्मा, अंशुल पांडेय, सुमित वोरा, युंका महासचिव संदीप वोरा, आयुष शर्मा, गौरव उमरे, नमन पाटनी, लोनिवि अधिकारी अजय तेम्भूरने, अभियंता गगन जैन मौजूद थे।