दुर्ग

एक्टिवा ने मारी ठोकर, आपस में मारपीट
25-Dec-2021 4:26 PM
एक्टिवा ने मारी ठोकर, आपस में मारपीट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 25 दिसंबर।
पावर हाउस से अपने घर हाउसिंग बोर्ड लौट रही  प्रार्थिया की जूपिटर वाहन को एक्टिवा चला रही युवती ने पीछे से ठोकर मार दी। इसके बाद आरोपी युवती ने प्रार्थिया के साथ गलौज करते हुए मारपीट की। इससे  प्रार्थिया को चोटें आई। प्रार्थिया की शिकायत पर छावनी पुलिस ने आरोपी युवती के खिलाफ ध ारा 279, 294, 323 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया।

पुलिस के बताया कि 23 दिसंबर को हाउसिंग बोर्ड जामुल निवासी निधि चावड़ा अपनी जुपिटर वाहन क्रमांक सीजी 07 बीई 2801 से अपनी 7 वर्षीय बेटी को लेकर हाउसिंग बोर्ड से सामान खरीदने पावर हाउस गई हुई थी। शाम को जब वह घर वापस लौट रही थी, तब लिंक रोड पर फूल दुकान के सामने अचानक रोड पर दौड़ते हुए एक बच्चा आया। जिसको देख पीडि़ता ने उसे बचाने के लिए ब्रेक मारा, जिससे गाड़ी रुक गई। बच्चे को चोटें नहीं आई। इसी दौरान अचानक पीछे से एक्टिवा क्रमांक सीजी 07 बीएफ  9156 जिसे एक युवती चला रही थी और इस गाड़ी में तीन सीट सवार थे। पीछे से लाकर जुपिटर वाहन को ठोकर मार दी। इसके बाद आरोपी युवती ने प्रार्थिया के साथ गाली गलौज करते हुए बाल पकडक़र खींचा तथा मारपीट की। इससे निधि चावड़ा के आंख व हाथ में चोटें आई और गाड़ी भी पीछे से क्षतिग्रस्त हुई।
 


अन्य पोस्ट