दुर्ग

मतगणना में हुई है धाँधली-सांसद बघेल
24-Dec-2021 6:11 PM
मतगणना में हुई है धाँधली-सांसद बघेल

भाजपा नेताओं ने लगाए गंभीर आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 24 दिसंबर।
मतगणना के बाद भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने प्रेसवार्ता लेकर पूरी चुनावी प्रक्रिया व मतगणना पर सवाल खड़े किए हैं।
 प्रेसवार्ता में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल, पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पांडे, वैशाली नगर विधायक विद्या रतन भसीन सहित अन्य नेताओं ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

सांसद विजय बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री अपनी कमियों को इस चुनाव में छिपाने का प्रयास किया है। वार्ड क्रमांक 56 व वार्ड क्रमांक 64 से अचानक हारने वाले प्रत्याशियों को लेकर कहा कि कांग्रेस ने पूरी चालाकी के साथ अपने प्रत्याशियों को जिताया है। सांसद ने कहा कि जे. ललिता वार्ड 56 से आखिरी राउंड तक जीत रही थी, अंत में अचानक कांग्रेस के प्रत्याशी साधना सिंह जीत जाती हैं। इसी प्रकार वार्ड 64 से भाजपा प्रत्याशी उपासना साहू आखिर तक जीत रही थीं, दो बार रिकाउंटिंग कराकर इस नतीजे को कांग्रेस ने अपने पक्ष में कर लिया। सांसद ने कहा कि रिटर्निंग अफसरों द्वारा बेईमानी की गई है। भारतीय जनता पार्टी के कहने के बाद भी कई सीटों पर रिकाउंटिंग नहीं कराई गई और कांग्रेस प्रत्याशियों को विजेता घोषित कर दिया गया।

 पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पांडे ने आरोप लगाते हुए कहा कि मतगणना स्थल पर मोबाइल फोन ले जाना प्रतिबंधित था, इसके बाद भी कांग्रेस के कई लोग मतगणना स्थल पर मोबाइल के साथ देखे गए। शिकायत के बाद भी इस पर ध्यान नहीं दिया गया। वहीं चुनाव के पूर्व भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बेवजह हिरासत में रखा, जबकि कांग्रेस के प्रत्याशियों द्वारा खुलेआम अवैध शराब बंटवाई गई। इस पर किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं हुई। मतगणना के शुरुआती दौर में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी लगभग 44 वार्डों पर आगे चल रहे थे। इसकी जानकारी होने के बाद कांग्रेस ने अपनी सत्ता का दुरुपयोग करते हुए खेल करना शुरू कर दिया। मतगणना पूरी होते होते कांग्रेस पार्टी बहुमत तक पहुंच गई।

 पूर्व मंत्री ने कहा कि सरकार ने मतगणना को प्रभावित करने का प्रयास किया है। कलेक्टर सरकार के इशारों पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिला कलेक्टर यह न भूलें कि यह 3 साल के मुख्यमंत्री हैं, आगे बहुत लंबा काम करना है।


अन्य पोस्ट