दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 23 दिसंबर। आरोपी द्वारा अपनी बच्ची के साथ मारपीट करने से मना करना पड़ोस में रहने वाले प्रार्थी को भारी पड़ गया। गुस्साए आरोपी ने प्रार्थी पर टंगिया से प्राणघातक हमला कर दिया था। आरोपी को कोर्ट ने सजा सुनाई है। अष्टम अपर सत्र न्यायाधीश की कोर्ट ने आरोपी राम खिलावन को धारा 294 के तहत 1 माह सश्रम कारावास 100 रुपए अर्थदंड तथा धारा 307 के तहत 7 वर्ष सश्रम कारावास 500 रुपए अर्थदंड तथा अर्थदंड न दे पाने पर 2 माह के सश्रम कारावास की सजा दी है। सभी सजाएं साथ-साथ चलेगी। अभियोजन पक्ष की ओर से अपर लोक अभियोजक प्रदीप नेमा ने पैरवी की थी।
अपर लोक अभियोजक प्रदीप नेमा ने बताया कि 26 जुलाई 2016 की रात 9।30 बजे नेवई बस्ती मुरम खदान के पास रहने वाले आरोपी राम खिलावन सतनामी (42 वर्ष) अपनी छोटी बच्ची के साथ मारपीट कर रहा था। इस पर प्रार्थी सुरेश मोची ने उसे मारने से मना करते हुए समझाने का प्रयास किया। गुस्से में आकर आरोपी ने प्रार्थी के साथ गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वह घर के भीतर गया और टंगिया लेकर आया। आरोपी ने टंगिया से प्रार्थी के पीठ पर प्राणघातक वार कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से भाग निकला था।