दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 22 दिसंबर। उपार्जन केंद्रों में लगातार बढ़ती जाम धान की मात्रा की समस्या से निपटने आज से संग्रहण केंद्रों के लिए परिवहन शुरू किया गया मगर पहले दिन मात्र 2 गाडिय़ां ही धान परिवहन के लिए लगी हालांकि विभागीय अधिकारी 20 हजार मीट्रिक टन धान की परिवहन अनुमति जारी होने का दावा कर रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक जिले के 94 में से 76 उपार्जन केंद्रों में धान की मात्रा बफर लिमिट से पार हो गई है, जहां से यदि तत्काल परिवहन शुरू नहीं किया गया तो आने वाले समय में धान खरीदी प्रभावित होने की संभावना है। इस बात को लेकर कई समितियों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी चिंता भी जता चुके हैं। दुर्ग जिले के संग्रहण केंद्रों में अन्य जिलों से धान का परिवहन पहले से ही शुरू हो चुका है।
जिले के उपार्जन केंद्रों के धान का परिवहन काफी विलंब से शुरू हुआ मगर किसानों के अनुसार वह भी कछुआ चाल की गति से किया गया है। यदि परिवहन में गति लाने तत्काल प्रयास नहीं किया गया तो आने वाले समय में दिक्कत हो सकती है। वहीं धान खरीदी व्यवस्था से जुड़े अधिकारी जरूरत के हिसाब से परिवहन में लगे वाहनों की सं या बढ़ाने की बात करते नजर आए।
जिले में लगातार उपार्जन केंद्रों में धान की आवक बढ़ती ही जा रही है। आज 95000 क्विंटल धान की खरीदी विभिन्न उपार्जन केंद्रों में की गई, जिसे मिलाकर अब तक 16 लाख 99 हजार 293 क्विंटल धान की खरीदी हो चुकी है जो कि कुल लक्ष्य का 36 प्रतिशत है। गत वर्ष की तुलना में आज की तारीख में 107 प्रतिशत धान उपार्जन हो चुका है।