दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 20 दिसंबर। उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी के लिए मिलर्स द्वारा भेजे गए लगभग 25 प्रतिशत बारदाने खराब निकल रहे हैं। बारदानों के बंडल के बीच में कटे-फटे खराब बारदाना डाल कर भेजे जा रहे हैं। अधिकांश उपार्जन केंद्रों में हजार से भी अधिक कटे-फटे बारदाने निकल रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक ननक_ी उपार्जन केंद्र से 1500 खराब बारदाने मिलर्स को वापस किए गए हैं। इसी प्रकार कोडिय़ा सोसाइटी से भी मिलर्स द्वारा भेजे गए 2000 खराब बारदानों को लौटाना पड़ा है। एक सहकारी समिति के कर्मचारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि उनके समिति में मिलर्स द्वारा भेजे गए 25 प्रतिशत बारदाने खराब निकले है।
सहकारी समितियों के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों का कहना है कि मिलर द्वारा कटे-फटे बारदाने को बीच में डालकर खपाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसकी वजह से बारदानों की छटाई के लिए उन्हें अलग से मजदूर रखना पड़ रहा है। कटे-फटे बारदानों को अलग कर वापस किए जा रहे हैं।
समिति के पदाधिकारी रवि ताम्रकार का कहना है इससे समिति को अतिरिक्त खर्च करना पड़ रहा है।
जानकारी के मुताबिक जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग अंतर्गत दुर्ग, बालोद एवं बेमेतरा जिले में कुल 1 करोड़ 94 लाख 19 हजार 883 बारदाने उपलब्ध है। इनमें से मिलर्स द्वारा उपार्जन केंद्रों में कुल 28 लाख 69 हजार 523 बारदाने उपलब्ध कराए गए हैं। जिसमें दुर्ग जिले में 14 लाख 5 हजार 555, बालोद 10 लाख 50 हजार 955 एवं बेमेतरा जिला में 4 लाख 13 हजार 11 बारदाने मिलर्स ने प्रदाय किए हैं।