दुर्ग
तीन दिवसीय सांई महोत्सव का समापन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 19 दिसंबर। सिविल लाईन कसारीडीह स्थित प्रसिद्ध श्री सांई बाबा मंदिर में 45 वें श्री सांई महोत्सव के अंतिम दिन शनिवार को बाबा की खिचड़ी महाप्रसाद ग्रहण करने श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। महाप्रसाद ग्रहण करने दुर्ग-भिलाई के अलावा नागपुर, रायपुर व राजनांदगांव के श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। महोत्सव का अंतिम दिन होने से सुबह से ही श्री सांई बाबा के दर्शन के लिए श्रद्धालु मंदिर पहुंचने लगे थे।
यह सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। दोपहर में श्री सांई भजन मंडली एवं सांई सत्संग महिला मानस मंडली ने सांई भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल को सांईमय बना दिया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भजनों की धून में नाच गाकर अपनी आस्था प्रगट की।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री राजेद्र साहू, प्रदेश युवा कांग्रेस के महासचिव संदीप वोरा के अलावा भाजपा व अन्य राजनीतिक दलों और धार्मिक और सामाजिक संगठनों के लोग श्री सांई बाबा के दर्शन के लिए पहुंचे थे। उन्होंने दर्शन कर प्रदेश की खुशहाली के लिए कामना की। शाम को महाआरती उपरांत श्री सांई बाबा की भव्य पालकी शोभायात्रा निकाली गई। यह सुसज्जित शोभायात्रा मंदिर से प्रारंभ होकर गाजे-बाजे के साथ सिविल लाईन के मार्गों का भ्रमण करते हुए वापस मंदिर पहुंची। शोभायात्रा जिन मार्गो से होकर गुजरी, वहां के लोगों ने अपने-अपने घरों के सामने दीपक चलाकर रोशनी की। जिससे शोभायात्रा के दौरान क्षेत्र में दिवाली का माहौल निर्मित हो गया था।
मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद शोभायात्रा का समापन हुआ। महोत्सव के अंतिम दिन श्री सांई मंदिर समिति के अध्यक्ष श्रीकांत समर्थ, सचिव धनेन्द्र सिंह चंदेल, उपाध्यक्ष संजय सिंह, रविन्द्र भटनागर, सहसचिव संतोष यदु, कोषाध्यक्ष धीरेन्द्र शर्मा, प्रचार-प्रसार सचिव मुरलीधर राउत, शिवाकांत तिवारी, कार्यकारिणी सदस्य अरविंद वोरा, कौशल किशोर सिंह, संतोष खिरोडकर, सुजीत गुप्ता, राम पांडेय, सुरेश साहू, विनय चंद्राकर, अतुल मढ़रिया, अजय सुरपाम, नीतिन शेण्डे, अरविंद लोखण्डे, रामेन्द्र बंजारी, ओमप्रकाश तिवारी, अलताफ अहमद, प्रकाश गीते, अहिल्या बाई यादव, अपूर्ण मढ़रिया, संगीता वाघेला, रंजना गुप्ता, विभा भंडाकर के अलावा अन्य सदस्य व्यवस्था बनाने में जुटे रहे। इसके पहले महोत्सव के दूसरे दिन शुक्रवार को मंदिर में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की छटा बिखरी। ओम तिवारी ग्रुप दुर्ग ने अपने भजनों एवं लोक गीत-संगीत के माध्यम से जमकर समां बांधी।
जिसका श्रद्धालुओं ने देर रात तक लुप्त उठाया। कार्यक्रम का संचालन ग्रुप के प्रमुख शिवाकांत तिवारी ने किया।