दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 19 दिसंबर। शासकीय दानवीर तुलाराम महाविद्यालय उतई द्वारा 10 से 16 दिसंबर तक विशेष सात दिवसीय शिविर का आयोजन ग्राम कानाकोट, तहसील पाटन में किया गया। उक्त शिविर के समापन के अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष डॉ. प्रहलाद वर्मा एवं कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अरुण मिश्रा एवं कानाकोट के उपसरपंच साहू तथा सरपंच प्रतिनिधि के रूप में कल्याण वर्मा उपस्थित थे।
कार्यक्रम के अवसर पर प्राचार्य ने स्वयंसेवकों द्वारा किए गए कार्यों की प्रशंसा की एवं उतई महाविद्यालय द्वारा कानाकोट के सभी छात्रों को भविष्य में महाविद्यालय में प्रवेश में सहायता करने की बात की। जन भागीदारी अध्यक्ष डॉ. प्रहलाद वर्मा ने स्वयंसेवकों द्वारा किए गए कार्यों की सराहना एवं कानाकोट में अपना, महाविद्यालय की विशेष पहचान स्थापित करने पर बधाई दी तथा छात्रों को सदा सहयोग करने की बात कही।
इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पंकज सोनी ने स्वयंसेवकों द्वारा किए गए सभी कार्यों की प्रतिवेदन प्रस्तुत किया एवं छात्रों में विशेष अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा स्वामी विवेकानंद के पद चिन्हों पर चलने की बात कही। कार्यक्रम का संचालन कमल नारायण ने किया एवं धन्यवाद ज्ञापन दल नायक उत्कर्ष वर्मा ने किया।
समापन के अवसर पर डॉ. राकेश मिंज एवं लोकेश्वर ठाकुर तथा प्रोफेसर संदीप सोनी एवं पूर्व माध्यमिक शाला के शिक्षक शिक्षिका एवं कानाकोट के वरिष्ठ नागरिक तथा एनएसएस के पूर्व स्वयंसेवक उपस्थित थे।