दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 18 दिसंबर। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग स्नातकोत्तर सेमेस्टर परीक्षाओं के ऑनलाईन परीक्षा आवेदन की तिथि 19 दिसंबर तक बढ़ा दी गई हैं। विश्वविद्यालय के कुलसचिव, डॉ. सी.एल.देवांगन तथा उपकुलसचिव, परीक्षा, डॉ. राजमणि पटेल द्वारा संयुक्त रूप से दी गई जानकारी के अनुसार ऑनलाईन परीक्षा आवेदन की तिथि अंतिम बार बढ़ाई जा रही है। 19 दिसंबर तक ऑनलाईन परीक्षा फार्म न भरने पर विद्यार्थी स्वयं जिम्मेदार होंगे। तथा वे अगले वर्ष सेमेस्टर परीक्षा में शामिल होंगे।
कुलसचिव, डॉ. देवांगन के अनुसार पूर्व निर्धारित अंतिम तिथि 16 दिसंबर तक विभिन्न महाविद्यालयों के लगभग 500 से अधिक नियमित विद्यार्थियों ने परीक्षा आवेदन पत्र नहीं भरे थे। यह विद्यार्थियों की अध्ययन के प्रति घोर लापरवाही प्रदर्शित करता हैं। विद्यार्थियों का भविष्य खराब न हो इसलिए मानवीय दृष्टि एवं छात्रहित में विष्वविद्यालय की माननीय कुलपति डॉ. अरूणा पल्टा ने ऑनलाईन परीक्षा आवेदन की तिथि में अंतिम बार वृद्धि करने की स्वीकृति प्रदान की है।
डॉ. देवांगन ने बताया कि प्रायोगिक विषय वाले स्नातकोत्तर विद्यार्थियों की प्रायोगिक परीक्षा ऑफलाईन रूप से 20 दिसंबर से 05 जनवरी 2022 के मध्य महाविद्यालयों की अपनी सुविधानुसार संपन्न कराने हेतु विश्वविद्यालय द्वारा निर्देष प्रसारित कर दिये गये हैं। समस्त नियमित विद्यार्थी अपने प्रायोगिक परीक्षा हेतु विभाग एवं महाविद्यालय के निरंतर संपर्क में रहे। विष्वविद्यालय की सेमेस्टर परीक्षाओं की थ्योरी परीक्षा संबंधी समय सारिणी शीघ्र घोषित किये जाने के प्रयास विष्वविद्यालय प्रषासन द्वारा किये जा रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार स्नातकोत्तर सेमेस्टर परीक्षाएं तथा अन्य सेमेस्टर परीक्षाएं जनवरी 2022 के द्वितीय सप्ताह में आरंभ होने की संभावना है।


