दुर्ग

बच्ची से रेप, मरते दम तक कारावास की सजा
18-Dec-2021 1:18 PM
बच्ची से रेप, मरते दम तक कारावास की सजा

 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 18 दिसंबर। बच्ची को घर में अकेली देख आरोपी ने बच्ची के साथ रेप किया। आरोपी को कोर्ट ने मरते दम तक कारावास की सजा सुनाई है। विशेष न्यायाधीश फास्ट ट्रैक कोर्ट सरिता दास की कोर्ट ने आरोपी को धारा 376 (3) तथा लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम के तहत सजा दी है।

विशेष लोक अभियोजक कमल किशोर वर्मा ने बताया कि 6 नवंबर 2018 को बच्ची के दादा-दादी दिवाली पूजा का सामान, फूल, पत्ते आदि बेचने के लिए सुपेला मार्केट गए हुए थे।  6 से 7 नवंबर की रात को दीपावली का सीजन होने के कारण वे रात में घर पर नहीं आए। इस दौरान 13 वर्षीय पीडि़ता एवं छोटी बहनें घर पर अकेली थीं। रात में सोने के लिए उनके परिचित आरोपी धीरपाल पारधी उर्फ  लंबू (36) निवासी नंदिनी को बच्ची के दादा-दादी ने घर में रात को सोने के लिए बुलाया था ताकि बच्चों की देखभाल हो सके। बच्ची आरोपी को काका कहकर संबोधित करती थी। रात में मौके का फायदा उठाकर आरोपी ने बच्ची के साथ बलात्कार किया। कुछ दिनों बाद जब बच्ची के पेट में दर्द होने लगा। इस पर जब दादी ने बच्ची से पूछताछ की, तब अपने साथ बीती घटना की जानकारी बच्ची ने अपनी दादी को दी। दादी ने थाना पहुंचकर इसकी शिकायत दर्ज कराई थी।


अन्य पोस्ट