दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 17 दिसंबर। बीएनआई विश्व की सबसे बड़ी व्यावसायिक रेफरल संस्था है जिसमें 2 लाख 84 हज़ार से ज्यादा मेम्बर्स 74 देशों में एक दूसरे की मदद करके अपना व्यापार बढ़ा रहे हैं।
पत्रकारवार्ता में यह जानकारी देते हुए क्रिएटर्स के प्रेसिडेंट टीवी मुरली ने बताया कि पिछले एक साल में ही मेम्बर्स ने 13 हजार 400 करोड़ रुपये से ज्यादा का व्यापार किया है। भिलाई दुर्ग में बीएनआई के तीसरे चैप्टर बी एन आई क्रिएटर्स ने कल ही अपनी दूसरी वर्षगांठ मनाई। क्रिएटर्स 33 प्रतिष्ठित व्यापारियों का समूह है जिसमें सदस्य हर शुक्रवार सुबह साप्ताहिक मीटिंग कर रेफरल का आदान-प्रदान करते हैं। उपाध्यक्ष आशुतोष यादव ने बताया कि क्रिएटर्स के सदस्यों ने विगत दो वर्षों में एक दूसरे की मदद से तीन हजार से ज्यादा रेफरल्स के द्वारा 16.88 करोड़ रुपए से ज्यादा का व्यापार किया है। सपोर्ट एम्बेसडर धीरज पाटोदिया ने बताया कि व्यापारिक संबंधों के साथ ही बीएनआई क्रिएटर्स के सदस्यों में आत्मीय संबंध भी प्रगाढ़ हो चुके हैं। पिछले वर्ष कोविड के दौरान क्रिएटर्स के सदस्यों ने एक दूसरे के साथ ही समाज में भी काफी मदद की, जिसकी वजह से बी एन आई क्रिएटर्स को कलेक्टर के द्वारा भी सम्मानित किया गया।
प्रेस वार्ता में सचिव एवं कोषाध्यक्ष सुश्री निशा बोरकर, सुरेन्द्र पटनायक, सागर गुप्ता एवं सुधींद्र राव उपस्थित थे।


