दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 16 दिसंबर। नगर पालिक निगम भिलाई के वार्ड क्रमांक 38 से भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी पीयूष मिश्रा के पक्ष में सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पाण्डेय ने कहा कि तीन साल से कांग्रेस राज में चारों तरफ अराजकता का माहौल है। पूरे भिलाई दुर्ग में शराब एवं गांजा जैसा अवैध कारोबार फल-फूल रहा है, कबाड़ी को संरक्षण मिल रहा है। सभी जानते हैं जो लोग केनाल रोड का विरोध करते थे, वहीं लोग आज केनाल रोड पर वाहन चलाकर गंतव्य को जा रहे हैं। इसी केनाल रोड का हवाला देते हुए डेंगू का सबसे बड़ा कारण बताया गया था। आज वही लोग उसी सडक़ पर गाड़ी से चल रहे हैं।
श्री पांडेय ने कहा कि उन्हीं पार्षद प्रत्याशी को चुनना है जो भाजपा के हैं। इन्हें पार्षद बना कर भाजपा का महापौर भी चुनना है। निर्दलियों का कोई दल नहीं होता है। अपने वोट की कीमत को समझो, आपके वोट से ही आने वाले समय में भाजपा की प्रदेश में सरकार बनाना है। इस वार्ड की सबसे बड़ी समस्या थी पानी की। भाजपा शासन में पानी लाने का काम किया गया है, जब भाजपा का पार्षद एवं महापौर आप चुन कर भेजेंगे तो विकास ही विकास होगा। पार्षद प्रत्याशी पीयूष मिश्रा को भारतीय जनता पार्टी ने आपके बीच भेजा है। आपके आशीर्वाद एवं जन समर्थन पीयूष को पार्षद बना कर भेजना है। आप का वोट तय करेगा कि इस वार्ड में विकास की गंगा बहाना है।
गौरतलब हो कि सभास्थल के पास कुछ कांग्रेसियों द्वारा सभा में अवरोध उत्पन्न करने की कोशिश की गई थी। पीयूष मिश्रा ने कहा इससे कांग्रेसियों का चरित्र सामने आता है, जो अपनी हार मान चुके हैं इसलिए इस तरह की हरकत कर रहे हैं। आने वाली 20 तारीख को भारतीय जनता पार्टी के पार्षद प्रत्याशियों के पक्ष में ही मतदान करना है। सभा में बडी़ संख्या में वार्ड के नागरिकगण, भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित थे।


