दुर्ग

भाजपा विकास तो कांग्रेस भ्रष्टाचार की पर्याय-मोतीलाल
15-Dec-2021 5:42 PM
भाजपा विकास तो कांग्रेस भ्रष्टाचार की पर्याय-मोतीलाल

भिलाई-3 चरोदा के विभिन्न वार्ड में प्रत्याशियों के साथ किया जनसम्पर्क

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 15 दिसंबर। भिलाई-3 चरोदा निगम चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में जनसंपर्क करने पहुँचे भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं साहू समाज के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष मोतीलाल साहू ने कांग्रेस सरकार पर हमला बोला।

उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने हर क्षेत्र में छत्तीसगढ़ को पीछे कर दिया है। राज्य शासन की लोक हितकारी प्रत्येक योजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रही है, जबकि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार जो जनता के लिए अच्छा काम कर रही है उसमें भी वो अपना रोड़ा अटकाने का काम कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री आवास योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मोदी सरकार लोगों के सिर पर छत देने का काम कर रही है, वहीं भूपेश सरकार ने इसे रोककर अपनी छोटी सोच का परिचय दिया है।

प्रचार अभियान के दौरान मोतीलाल साहू ने निगम क्षेत्र के वार्ड 13, 21, 22, 23 में बैठक की तथा नुक्कड़ सभाओं को भी संबोधित किया। अपनी  सभाओं में मोतीलाल साहू ने कहा भारतीय जनता पार्टी जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है। मूलभूत सुविधाओं में बढ़ोतरी, वार्ड में विकास के काम निरंतर हो ऐसा ध्येय भाजपा पार्षदों का रहता है।

भिलाई 3 चरोदा में आज जो भी विकास का काम दिख रहा है वो भाजपा के द्वारा ही किया गया है। पिछले तीन वर्षों से मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठे भूपेश बघेल भिलाई 3-चरोदा निगम क्षेत्र के नागरिक हैं, वो चाहते तो यहाँ का विकास और तेज हो सकता था परंतु पिछले 3 साल में भिलाई 3-चरोदा निगम के साथ उनका व्यवहार असहयोगात्मक रहा जिसका परिणाम है कि शहर की अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं रुकी पड़ी हैं।

श्री साहू ने जनता से पार्षद पद के भाजपा प्रत्याशियों को वोट देने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा ही विकास की पर्याय है। क्षेत्र का सर्वांगीण विकास बिना भेदभाव के भाजपा करती रही है।

 


अन्य पोस्ट