दुर्ग
भिलाई 3-चरोदा में किया जनसम्पर्क
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 14 दिसंबर। भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हज कमेटी छत्तीसगढ़ के पूर्व अध्यक्ष डॉ सलीम राज ने भिलाई 3 चरोदा नगर निगम चुनाव में शहर के वार्ड क्रमांक 10,11,12,13 वार्डों में पहुंचकर सघन जनसंपर्क किया। उन्होंने लोगों से वार्ड के विकास के लिए भारतीय जनता पार्टी के पार्षद प्रत्याशियों को जिताने का आह्वान किया। विभिन्न मोहल्लों में जाकर उन्होंने नागरिकों के साथ बैठक कर जन समस्याओं और सुविधाओं पर चर्चा की। सलीम राज ने कहा कि भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जो बगैर भेदभाव की सबके साथ सबका विकास ध्येय लेकर आगे बढ़ रही है। छत्तीसगढ़ में शहरों के विकास का क्रम भाजपा सरकार के दौरान शुरू हुआ। कुछ वर्ष पूर्व आप पलट कर देखे तो समझ आएगा कि भाजपा ने भिलाई 3 चरोदा के विकास के लिए कितना काम किया है। जन सुविधाओं में कितनी बढ़ोतरी हुई है।
सलीम राज ने कहा कि जनसंपर्क के दौरान महिलाओं द्वारा शराब को लेकर सबसे ज्यादा शिकायत की जा रही है। शराब की वजह से कई परिवार बर्बादी के कगार पर पहुँच गए हैं। शराब बंदी का वायदा करके सत्ता में आई कांग्रेस सरकार आज घर-घर शराब पहुंचा रही है। कांग्रेस को लगता है कि जनता पुराना वायदा भूल जाती है, पर ऐसा नही है। जनता सारे वायदे याद रखती है और विधानसभा चुनाव में किया उनका शराब बंदी का वायदा उन भारी पड़ता नजर आ रहा है। शराबखोरी को बढ़ावा देने वाली कांग्रेस सरकार को जनता किसी कीमत पर माफ नहीं करने वाली है।
जनसम्पर्क में सलीम राज के साथ यूनुस कुरैशी, सिविल लाइन मंडल अध्यक्ष मुकेश पंजवानी, बाबी खनूजा, मनोज राजपूत, आनंद शिवहरे, गौरव कुमार, शिव श्रीवास, बसंत विश्वकर्मा, गणेश गुप्ता, अजय लहेज, कौस्तुभ पेंडसे आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।