दुर्ग

घर घुस बुजुर्ग के मुंह पर टेप लगा गला दबा रहे थे आरोपी
28-Nov-2021 1:24 PM
घर घुस बुजुर्ग के मुंह पर टेप लगा गला दबा रहे थे आरोपी

पत्नी की चीख सुन भागे, पड़ोसी समेत 3 पर एफआईआर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 28 नवंबर।
हुडको के 85 वर्षीय चक्रवर्ती परिवार ने पड़ोसी महिला और दो अन्य व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर करते हुए पुलिस को बताया कि बीती दोपहर सभी ने मिलकर उनकी जान लेने का प्रयास किया है। पीडि़त वृद्ध की 75 वर्षीय पत्नी ने शोर मचाया तो गला दबा रहे आरोपी उनके घर से निकल कर भाग गए। रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने पीडि़त की पड़ोसन तारा और दो अन्य व्यक्तियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।

भिलाई नगर पुलिस ने बताया कि एमआईजी 1069 हुडको निवासी रमेन चक्रवर्ती (85 वर्ष) कल दोपहर घर में अपनी पत्नी शिवली चक्रवर्ती के साथ टीवी देख रहे थे, तभी तारा नामक महिला जो कि उनके पड़ोस में किराये से निवास करती है, आ गयी और औपचारिक हाल-चाल पूछने के बाद मुझे बुलाने लगी। इस बीच दो अज्ञात व्यक्ति जो कि घर के बाहर खड़े थे, तारा के कहने पर अंदर आए और मुझे रमेन को पकड़ उनके मुंह में सफेद टेप चिपका दिया। उनका गला दबाने लगे और सर दीवार में टिका दिया।

रमेन की पत्नी शिवली यह सब देख भयभीत हो चीखते हुए बाहर निकली एवं पड़ोस के लोगों से सहायता मांगी। पड़ोसी गंगा को आते देख दोनों व्यक्ति जो रमेन को पकड़े थे, भाग निकले और तारा भी घटना से अंजान बनते हुए निकल गई। रमेन का आरोप है कि उन्हें और उनकी पत्नी की जान को खतरा है और दोनों व्यक्ति पड़ोसन तारा द्वारा ही बुलाए गए थे।


अन्य पोस्ट