दुर्ग
5.6 करोड़ से दूर होगी शहर में जल भराव की समस्या-वोरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 20 नवंबर। वार्ड क्रमांक 50 बोरसी से लेकर 49 विद्युत नगर एवं 53 अंतर्गत विवेकानंद नगर क्षेत्र के नागरिकों को अब बरसात में जलभराव की समस्या से निजात मिलने जा रही है। वरिष्ठ विधायक अरुण वोरा एवं महापौर धीरज बाकलीवाल ने 97 लाख की लागत से होने जा रहे विद्युत नगर नाले के सुदृढ़ीकरण का भूमिपूजन कर कार्य प्रारंभ करवाया।
लंबे समय से क्षेत्र के नागरिकों द्वारा नाले के मजबूतीकरण की मांग की जा रही थी जिसपर वोरा ने पहल करते हुए शासन से राशि की स्वीकृति दिलाई। उन्होंने कहा कि जिन जिन मांगों को आवश्यकता होने के बाद भी पूर्ववर्ती भाजपा शासन काल मे महत्व नहीं दिया गया था उन सभी कार्यों को प्राथमिकता देते हुए जनभावनाओं के अनुरूप स्वीकृत कराया जा रहा है।
14 करोड़ के शंकर नाला निर्माण के साथ ही शहर के बाहरी वार्डों जिसमें उरला बघेरा, बोरसी, पोटिया, सिकोला भाठा जैसे क्षेत्र में मजबूत आरसीसी नालियों एवं छोटे नालों के निर्माण के लिए शासन से 5.6 करोड़ की स्वीकृति प्राप्त हुई है। विद्युत नगर नाले के निर्माण से तीन वार्ड के हजारों नागरिकों की ड्रेनेज की समस्या का निराकरण हो जाएगा। जल्द ही पटरी पार क्षेत्र में भी 1.5 करोड़ से अधिक की बड़ी नालियों का निर्माण भी प्रारंभ करवाया जाएगा। इस अवसर पर एमआईसी दीपक साहू भास्कर कुण्डले, ज्ञानदास बंजारे, कंचन शुक्ला, नंद चंद्राकर, प्रवीण चंद्राकर, रवि मांडले उपस्थित थे।


