दुर्ग

ऋण पुस्तिका का टोटा, किसान हो रहे परेशान
19-Nov-2021 8:42 PM
ऋण पुस्तिका का टोटा, किसान हो रहे परेशान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 19 नवंबर। जिले के तहसील कार्यालय में इन दिनों ऋण पुस्तिका का टोटा हो गया है, जिसकी वजह से किसान एवं आम जनता परेशान हो रहे हैं। दुर्ग तहसील में पिछले 3 माह से ऋण पुस्तिका नहीं है। इस कारण जमीन खरीदी बिक्री करने वालों के अलावा खाता विभाजन, फौत या वसीयत के आधार पर संपत्ति के अंतरण आदि के बाद लोगों का ऋण पुस्तिका नहीं बन पा रहा है।

जानकारी केअनुसार जमीन खरीदी करने वाले एवं बंटवारा तथा फौत के बाद ऋण पुस्तिका नहीं बन पाने से बहुत से किसान इस साल धान खरीदी के लिए पंजीयन कराने से वंचित रह गए हैं। ग्राम बोड़ेगांव निवासी सगे भाइयों मान सिंह देवांगन एवं राजा राम देवांगन के बीच उनकी पैतृक संपत्ति का 2 माह पहले बंटवारा हुआ है, मगर ऋण पुस्तिका नहीं बन पाने के कारण वे धान खरीदी के लिए अपना पंजीयन नहीं करा पाए उनके पुत्र टिकेश देवांगन ने बताया कि इसकी वजह से वे इस साल समर्थन मूल्य पर धान नहीं बेच पाएंगे। इसी प्रकार ग्राम के ही पूनम देवांगन ने 1 एकड़ 5 डिसमिल खेती भूमि खरीदी है।

उन्होंने इसमें धान का पैदावार लिया है, मगर ऋण पुस्तिका नहीं बनने की वजह से वे भी धान बेचने के लिए पंजीयन कराने से वंचित रह गए हैं ऐसे ही कई किसान हैं, जो ऋण पुस्तिका के अभाव में पंजीयन से वंचित रह गए हैं। अश्वनी टंडन ने बताया कि पूरे जिले में ऋण पुस्तिका के अभाव में लोग भटक रहे हैं। ऋण पुस्तिका की इस कृत्रिम संकट के कारण नामांतरण, बटांकन, सीमांकन, खाता विभाजन फौत या वसीयत के आधार पर संपत्ति के अंतरण सहित अनेक कार्यों का सिटीजन चार्टर के अनुसार समय सीमा में कार्य नहीं हो पा रहा है किसानों को केसीसी लेने में भी दिक्कत हो रही है।

गौरतलब है कि नवरात्रि एवं  दीपावली के दौरान जमीन खरीदी बिक्री का कारोबार जबरदस्त हुआ। इस दौरान हजारों लोगों ने पंजीयक कार्यालय से रजिस्ट्री के लिए दस्तावेज प्रस्तुत किए थे। महिनों से तहसील कार्यालय में ऋण पुस्तिका नहीं होने की वजह से इन लोगों का अब तक ऋण पुस्तिका नहीं बन पाया है। गत वर्ष की तुलना में इस बार त्योहारी सीजन में कई गुना अधिक जमीन खरीदी बिक्री हुई है। तहसील कार्यालय में सामान्य दिनों में हर माह लगभग दो हजार ऋण पुस्तिका की जरूरत पड़ती है, जिस हिसाब से सहज ही अंदाज लगाया जा सकता है कि ऋण पुस्तिका नहीं होने से जिले में कितने लोग प्रभावित हो रहे हैं।

तहसीलदार प्रकाश सोनी ने बताया कि बंटवारा नामांकन आदि के बाद ऋण पुस्तिका बनाने लोग तहसील कार्यालय आते हैं। पिछले 3 माह से ऋण पुस्तिका नहीं है, जिसकी वजह से ही लोगों का ऋण पुस्तिका नहीं बन पा रहा है। उन्होंने बताया कि राजनांदगांव स्थित शासकीय मुद्रणालय से ऋण पुस्तिका प्रिंट होकर मिलता है, जहां दुर्ग तहसील के लिए 5000 ऋण पुस्तिका की मांग किए हैं।


अन्य पोस्ट