दुर्ग

सेल कर्मियों के वेतन समझौते को इस्पात मंत्रालय ने दी मंजूरी, आज से मिलेगी एरियर्स की राशि
17-Nov-2021 6:30 PM
सेल कर्मियों के वेतन समझौते को इस्पात मंत्रालय ने दी मंजूरी, आज से मिलेगी एरियर्स की राशि

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 17 नवंबर। स्टील अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया लिमिटेड सेल के कर्मचारियों एवं अधिकारियों के वेतन समझौते को कल इस्पात मंत्रालय के द्वारा मंजूरी दे दी गई है। केंद्रीय इस्पात मंत्री आरसीपी सिंह ने सहमति दे दी है।

मंजूरी नहीं मिलने के कारण एरियर्स का भुगतान 20 दिनों से अटका हुआ था। अब अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मिलना शुरू हो जाएगा। दोनों ही वर्गों का वेतन समझौता पिछले 58 माह से लंबित था। इस समझौते के तहत 1 अप्रैल 2020 से अक्टूबर 2021 तक कर्मचारियों के खाते में एरियर्स की राशि का भुगतान आज से शुरू हो जाएगा।

सेल कर्मियों के मध्य वर्ष 2017 से वेतन समझौता लंबित था। जिसको लेकर लगातार यूनियन एवं प्रबंधन के मध्य कई दौर की बैठकें होती रही, परंतु 58 माह बीत जाने के बाद भी वेतन समझौता नहीं हो सका था। साथ ही विगत दिनों वेतन समझौता होने के बाद से इस्पात मंत्रालय से मंजूरी नहीं मिलने के कारण 20 दिनों से एरियर्स की राशि अटकी हुई थी,  परंतु सेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए मंगलवार सबसे बड़ा दिन रहा।

मंगलवार को नई दिल्ली में सेल केंद्रीय इस्पात मंत्री आरसीपी सिंह ने इस लंबित वेतन समझौते को अधिकारी एवं कर्मचारी दोनों के लिए ही मंजूरी दे दी है। जिसके कारण इस वेतन समझौते के तहत सेल कर्मियों को अप्रैल 2020 से लेकर अक्टूबर 2021 तक एरियर्स की राशि आज से खातों में प्राप्त होना शुरू हो जाएगी।

सेफी के प्रयासों से सेल के अधिकारियों का तीसरा पे-रिविजन लागू, हर्ष की लहर

सेफी अध्यक्ष नरेन्द्र कुमार बंछोर एव सेफी के अथक प्रयासों से सेल के अधिकारियों के तीसरे पे-रिविजन को केन्द्रीय इस्पात मंत्री आर.सी.पी. सिंह द्वारा मंगलवार को सहमति प्रदान कर दी गई है।

अधिकारियों के पे-रिविजन हेतु सेफी एवं ओए-बीएसपी द्वारा कई बार केन्द्रीय इस्पात मंत्री, इस्पात राज्यमंत्री, इस्पात मंत्रालय, सेल चेयरपर्सन सोमा मंडल एवं सेल प्रबंधन के अन्य उच्च अधिकारियों के समक्ष दिल्ली जाकर मुलाकात कर अपना पक्ष मजबूती से रखते रहे। जिसके परिणामस्वरूप मंगलवार को इस्पात मंत्री ने तीसरे पे-रिविजन पर अपनी सहमति प्रदान की। यह तीसरा पे-रिविजन 01.01.2017 से लागू किया जाएगा। सेफी चेयरमेन नरेन्द्र कुमार बंछोर ने इस्पात मंत्री आर.सी.पी. सिंह, इस्पात राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलश्ते, सेल चेयरपर्सन सोमा मंडल, डायरेक्टर फाईनेंस अमित सेन एवं सेल बोर्ड के समस्त निदेशकों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

42 माह का एरियर्स मिलना चाहिए-बीएसपी वर्कर्स यूनियन

बीएसपी वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष उज्जवल दत्ता ने इस बात पर हर्ष व्यक्त किया कि केंद्रीय इस्पात मंत्री आर सी पी सिंह ने वेज रिवीजन के एमओयू में हस्ताक्षर कर दिया है,  जिससे भिलाई इस्पात संयंत्र और सेल कर्मियों को वेज रिवीजन मिलने के रास्ते साफ़ हुए। कर्मियों में इंतजार की घडिय़ां समाप्त हुई है।

उज्जवल दत्ता ने कहा कि बीएसपी और सेल कर्मी को वेज रिविजन से जो उम्मीद थी वो कर्मियों को नहीं मिला, पर जल्द से जल्द एरियर्स का भुगतान होने परकर्मियों को आंशिक राहत मिलेगी, पर जल्द से जल्द बचे हुए 42 माह का पूरा एरियर्स मिले तो कर्मियों को राहत मिलेगी।


अन्य पोस्ट