दुर्ग

कांग्रेस की पदयात्रा में शामिल हुए सीएम
15-Nov-2021 6:08 PM
कांग्रेस की पदयात्रा में शामिल हुए सीएम

राज्य सरकार ने तीन वर्षों में आम जनता को राहत देने किए हरसंभव उपाय-वोरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 15 नवंबर।
लगातार बढ़ती महंगाई और मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ मोर्चेबंदी करते हुए आज से कांग्रेस की जनजागरण पदयात्रा शुरू हो गई। भिलाई में प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पदयात्रा में शामिल हुए।

विभिन्न मार्गों से होते हुए पदयात्रा लाल मैदान में समाप्त हुई, जहां मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि जब से केंद्र में मोदी सरकार ने सत्ता संभाली है, तब से देश की जनता को नई नई परेशानियों से जूझना पड़ा है। नोट बंदी, जीएसटी के जनविरोधी फैसलों के साथ ही कमरतोड़ महंगाई ने आम जनता का जीवन दूभर कर दिया है। भूपेश बघेल ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की लगातार कीमतें बढऩे के कारण आम जनता त्रस्त हो चुकी है। मोदी सरकार ने देश की जनता से हर मामले में वादाखिलाफी की है।

सभा को संबोधित करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने कहा कि एक ओर केंद्र की मोदी सरकार लगातार महंगाई बढ़ा रही है, वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार ने तीन साल से सत्ता संभालते हुए आम जनता को राहत देने के हरसंभव उपाय किये हैं। हाफ बिजली बिल योजना, राजीव गांधी किसान न्याय योजना, गोधन न्याय योजनाए देश में सबसे ज्यादा कीमत पर धान खरीदी, समर्थन मूल्य पर वनोपज खरीदी योजना से किसानों, मजदूरों सहित आम लोगों को राहत दी है। धन्वंतरी मेडिकल स्टोर्स, शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना, स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल जैसी योजनाएं लागू कर आम जनता के शिक्षा व स्वास्थ्य खर्च को कम करने का प्रयास भी पूरी शिद्दत से किया है। देश की जनता समझ चुकी है कि भाजपा सरकार महंगाई बढ़ा रही है।

सभा को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम, पीडब्लूडी मंत्री ताम्रध्वज साहू, विधायक देवेंद्र यादव ने भी संबोधित किया। इससे पहले कांग्रेस की पदयात्रा पोट्टी रामुलु चौक से प्रारंभ हुई। पदयात्रा में हजारों कांग्रेसी शामिल हुए। महंगाई के लिए मोदी सरकार को जिम्मेदार मानते हुए जमकर नारेबाजी की गई। जनजागरण पदयात्रा सुभाष चौक, भगत सिंह चौक, भारत माता चौक, गांधी चौक, लिंक रोड, फल मंडी रोड, नेशनल हाईवे होते हुए लाल मैदान में समाप्त हुई।

पदयात्रा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम,  भजन सिंह निरंकारी, राजेंद्र साहू, मुकेश चंद्राकर, निर्मल कोसरे, तुलसी साहू, दुर्ग के महापौर धीरज बाकलीवाल, राजेश यादव, बृजमोहन सिंह, आरएन वर्मा आदि कांग्रेस नेता मौजूद थे।
 


अन्य पोस्ट