दुर्ग

पेट्रोल पम्प संचालक ने रातों रात जेसीबी से ढहवायी 18 साल पुरानी दुकान, सुपेला थाना में जुर्म दर्ज
10-Nov-2021 5:43 PM
पेट्रोल पम्प संचालक ने रातों रात जेसीबी से ढहवायी 18 साल पुरानी दुकान, सुपेला थाना में जुर्म दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 10 नवंबर।
पिछले 18 वर्षों से सुपेला स्थित पेट्रोल पम्प पर किराए से टायर ट्यूब विक्रय और पंचर की दुकान चला रहे युवक ने पेट्रोल पम्प संचालक के खिलाफ सुपेला थाना में अपराध पंजीबद्ध करवाया है।

कोसा नगर निवासी नौशाद अली का आरोप है कि उसके पिता द्वारा 18 वर्षों से संचालित दुकान को रातों रात पेट्रोल पम्प संचालक ने जेसीबी से उखड़वा कर भीतर रखे सामान को भी नष्ट कर दिया। सुबह पहुंचे नौशाद को दुकान सामान सहित नहीं मिलने पर उसने पता किया तो बताया गया कि अब पेट्रोल पम्प के पास उसकी रोजी रोटी का जरिया उसकी दुकान नहीं रहेगी और न ही दुकान का सामान उसे वापस किया गया।

नौशाद का आरोप है कि किराया और उस समय मांगी गई रकम चुका कर उसके पिता ने यह दुकान बनवायी थी। पेट्रोल पम्प संचालक लोकेश लोही अक्सर उसे दुकान हटवाने की धमकी देता रहा है और सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात लोकेश लोही ने नौशाद की बंद दुकान को जेसीबी से ढहा दिया और भीतर रखे टायर, एयर मशीन, टूल्स सहित अन्य सामान भी नहीं दिया।

सुपेला पुलिस ने लोही पेट्रोल पंप संचालक लोकेश लोही के खिलाफ धारा 427, 447, 448 के तहत जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।
 


अन्य पोस्ट