दुर्ग

भाई दूज मनाने गई महिला के मकान से लाखों के जेवर-नगदी पार
08-Nov-2021 2:37 PM
भाई दूज मनाने गई महिला के मकान से लाखों के जेवर-नगदी पार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 8 नवंबर।
एक सूने मकान में घुस कर चोरों ने 3 लाख 10 हजार रुपए का माल पार कर दिया है। अज्ञात चोरों ने एक साथ दो मकान को निशाना बनाया है। जैसे ही पड़ोसियों ने इसकी सूचना मकान में रहने वाली महिला को दी तो वह तुरंत घर लौटी। घटना के दिन महिला अपने भाई के घर अन्नकूट की रस्म को अदा करने गई थी। जामुल पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जामुल टीआई गौरव पाण्डेय ने बताया कि दुर्गा मंदिर वार्ड 4 भिलाई कॉलेज के पास एक सूने मकान में चोरी की शिकायत दर्ज कराई गई है। मकान में रहने वाली महिला रीता शर्मा (38 वर्ष) ने चोरी की शिकायत दर्ज कराई है। रीता अपने बच्चों के साथ घर में अकेली रहती है और उसके पति दुबई में रहते हैं। रीता के भाई राम शर्मा का खुर्सीपार में मकान है। वह 5 नवंबर को शाम करीब 7:30 बजे घर में ताला लगाकर अपने भाई राम शर्मा के साथ खुर्सीपार भाई दूज का त्यौहार मनाने गई थी। रीता अपने सामने रहने वालों को बोल कर आई थी कि वह अन्नकूट की रस्म निभाकर दूसरे दिन आ जाएगी।

6 नवंबर की सुबह लगभग 8:30 बजे पड़ोस में रहने वाली मधु ने घऱ का दरवाजा खुला देखकर रीता को फोन से पूछा कि वह भाई के घर से आ गई क्या? रीता ने जब नहीं बोला तो पड़ोसी ने उसके घर जाकर देखा तो ताला टूटा हुआ था और दरवाजा खुला। जानकारी मिलते ही रीता अपने घऱ वापस आई। उसने देखा कि घर का ताला टूट हुआ है। कमरे के अंदर आलमारी का ताला टूटा हुआ एवं सामान बिखरा पड़ा था।

आलमारी में रखे सामान सोने का चेन 2 नग, सोने का लाकेट 2 नग, सोने का 4 नग कान का झुमका, सोने की अंगूठी 1 नग, सोने की चेन 1 नग, 2 छोटा लकेट सोने का, 2 झुमका सोने का, 4 कड़ा चांदी का, 12 जोड़ी बिछिया चांदी की, 5 नग सोने का फुल्ली, चांदी की पायल 4 जोड़ी, चांदी की करधन 2 छोटा और 1 बड़ा, 1 नग फुल्ली डायमंड लगा हुआ, 12 नग साड़ी एवं नगदी रकम 60 हजार रुपये सहित करीब 3 लाख 10 हजार रुपये व गाड़ी के कागजात चोरी कर ले गए।

पुलिस बताया कि रीता शर्मा के बगल से ही उसके भाई राम शर्मा का भी घर है, लेकिन वह लोग वहां न रहकर खुर्सीपार में रहते हैं। चोरों ने रीता शर्मा के साथ-साथ उसके भाई के घर का ताला भी तोड़ा, लेकिन वहां कुछ न मिलने से वह वहां से चले गए।
 


अन्य पोस्ट