दुर्ग

धमतरी से भवन निर्माण के लिए मंगाई गई रेत से निकला नर मुंड, जांच
07-Nov-2021 5:24 PM
धमतरी से भवन निर्माण के लिए मंगाई गई रेत से निकला नर मुंड, जांच

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 7 नवंबर।
कातुलबोर्ड में एक निर्माणाधीन भवन के लिए लाई गई रेत से नरमुंड निकला है। रेत अनलोड करते समय जैसे ही मजदूरों को नरमुंड दिखा, वहां हडक़ंप मच गया। इसके बाद मामले की जानकारी मोहन नगर पुलिस को दी गई। पुलिस ने नरमुंड को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

मोहन नगर टीआई जितेंद्र वर्मा ने बताया कि चार दिन पहले कातुलबोर्ड क्षेत्र में एक भवन का निर्माण किया जा रहा है। उसके लिए धमतरी से रेत को मंगवाया गया था। जब हाईवा रेत को अनलोड कर रहा था तो उसमें से एक मानव कंकाल की मुंडी निकली। जैसे ही काम कर रहे लोगों ने नर मुंड देखा, सभी वहां से भाग खड़े हुए। सूचना मिलते ही जांच अधिकारी को मौके पर भेजा गया तो नरमुंड कई साल पुराना था।

टीआई ने बताया कि जांच करने पर पता चला कि जो रेत आई थी, वह धमतरी के लिलहर घाट से लाई गई थी। उस रेत घाट के नजदीक ही श्मशान घाट है। इससे प्रारंभिक जांच में ऐसा लग रहा कि यह नरमुंड उस व्यक्ति का है, जिसको श्मशान घाट में दफनाया गया होगा या फिर नदी में लाश बहाने के बाद वह बह कर घाट में आई और बालू में दबी रह गई। कई साल बाद जेसीबी से रेत निकालने के दौरान वह रेत के साथ यहां आ गया।
 


अन्य पोस्ट