दुर्ग
दुर्ग, 1 नवंबर। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग के सेमेस्टर एवं पूरक परीक्षा के समस्त परिणाम घोषित कर दिये गये हैं। यह जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के परीक्षा उपकुलसचिव डॉ. राजमणि पटेल ने बताया कि विश्वविद्यालय के द्वितीय, चतुर्थ एवं षष्ठम सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम विश्वविद्यालय द्वारा घोषित कर दिये गये हैं।
डॉ. पटेल ने बताया कि पूरक परीक्षा 2021 में 15 विषयों में विद्यार्थियों को पूरक की पात्रता मिली थी, जिनमें से केवल 12 विषय में ही विद्यार्थियों ने पूरक हेतु आवेदन किया था। विश्वविद्यालय द्वारा पूरक का अंतिम बीएससी द्वितीय वर्ष का परिणाम घोषित किया गया। इसमें कुल 96 परीक्षार्थियों में से 64 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए, जबकि 29 विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम रोका गया है। कोई भी विद्यार्थी अनुत्तीर्ण नहीं हुआ।
डॉ. पटेल ने बताया कि विश्वविद्यालय में इस समय नामांकन की प्रक्रिया चल रही है तथा विश्वविद्यालय में प्रवेशित प्रत्येक नियमित छात्र को नामांकन कराना अनिवार्य है। विश्वविद्यालय के अधिकृत वेबसाइट पर ऑनलाइन रूप से नामांकन क्या बताएं फार्म भर सकते हैं। नामांकन हेतु विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित नामांकन शुल्क भी अदा करना अनिवार्य है।


