दुर्ग

राजनीतिक पारी की शुरुआत करेंगे राजेश चौहान, कांग्रेस में हुए शामिल
31-Oct-2021 4:49 PM
राजनीतिक पारी की शुरुआत करेंगे राजेश चौहान, कांग्रेस में हुए शामिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 31 अक्टूबर।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी राजेश चौहान अब राजनीति पारी की ओपनिंग करेंगे। उन्होंने प्रोफेशनल कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता प्रोफेशनल कांग्रेस की ईस्ट जोन कोर्डिनेटर ज़रिता लेफ्टलोंग के दुर्ग आगमन पर प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की है। प्राथमिक सदस्यता के साथ अब वह पूरी तरह से राजनीतिक पारी खेलने के लिए स्वयं को तैयार कर चुके हैं।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी राजेश ने अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत के लिए कांग्रेस पार्टी को चुना है। उनके द्वारा रात को दुर्ग शहर में प्रोफेशनल कांग्रेस द्वारा आयोजित रात्रि भोज के दौरान प्रोफेशनल कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की गई। पिछले कुछ समय से ऑल इंडिया प्रोफेशनल कांग्रेस की सामाजिक व राजनीतिक गतिविधियां पूरे प्रदेश में देखने को मिल रही है, प्रदेश अध्यक्ष  क्षितिज चन्द्राकर के मार्गदर्शन में दुर्ग चैप्टर के अध्यक्ष भुवनेश साहू व उनके साथियों द्वारा किये जा रहे सामाजिक कार्यों को भी पूरे शहर द्वारा काफ़ी सराहा जा रहा है।

दुर्ग प्रोफेशनल कांग्रेस के सामाजिक कार्यशैली को देखते हुए कल प्रोफेशनल कांग्रेस की ईस्ट जोन कोर्डिनेटर ज़रिता लेफ्टलोंग के दुर्ग आगमन पर व प्रदेश अध्यक्ष क्षितिज चंद्राकर की मौजूदगी में खेल जगत से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी राजेश चौहान ने प्रोफेशनल कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता ली।

श्री चौहान वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र में पिछले पांच दशक से निवासरत हैं और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी होने के साथ-साथ अपने क्षेत्र में ख्यातिलब्ध भी हैं। वैसे भी वैशाली नगर विधानसभा में कांग्रेस पार्टी की स्थिति बहुत अच्छी नहीं रही है। प्रदेश में कांग्रेस लहर होने के बावजूद पार्टी को पिछले विधानसभा चुनाव में एक बहुत बड़ी हार का सामना करना पड़ा था। भाजपा विधायक विद्यारतन भसीन के द्वारा कांग्रेस के कद्दावर नेता बदरुद्दीन कुरैशी को करीब 18 हजार वोटों के अंतर से परास्त किया गया था। वैशाली नगर विधानसभा के गठन के पश्चात 3 चुनाव हो चुके हैं, जिसमें 2 चुनाव में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा है।

श्री चौहान का कांग्रेस प्रवेश पार्टी के मजबूती के लिए सकारात्मक रहेगा। साथ ही श्री चौहान को नई जिम्मेदारी देने के लिए पार्टी हाईकमान शीघ्र ही विचार भी कर सकती है। दुर्ग चैप्टर अध्यक्ष भुवनेश कुमार साहू ने बताया कि संदीप निरकारी, मंजीत निराकारी, डॉ. ललित भुवाल, सुमित पवार, ममता सिंग, डॉ.नवीन कोरा व इमरान अंसारी जैसे दिग्गज़ प्रोफेशनल कांग्रेस से जुड़ चुके हैं।

जरिता लेफ्टलोंग के आगमन पर प्रोफेशनल कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रत्युश भारद्वाज, कॉंग्रेस नेता राजेंद्र साहू, भिलाई कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मुकेश चन्द्राकर, दुर्ग उपाध्यक्ष पृथ्वीराज चंद्राकर, सचिव अमृता सिंग, ममता सिंह, प्रो कांग्रेस भिलाई अध्यक्ष राकेश मिश्रा, संदीप निरंकारी, मंजीत निरंकारी, निखिल शाह, दीप सारस्वत, सुदीप, इमरान अंसारी, सुमित पवार, गुरदीप भाटिया, सौरभ ताम्रकार, योगेश राठी, त्रिभुवन देवागन, डॉ नवीन कोरा, योगेश साहू, रोशन साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट