दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 30 अक्टूबर। महापौर धीरज बाकलीवाल के कक्ष में सिंधिया नगर नीलू महिला स्व सहायता समूह के संस्थापक नीलू सिंह ने वार्ड की महिलाओं के साथ ज्ञापन देकर दुर्ग सीमा क्षेत्र सीमा अंतर्गत पुजारी तालाब तितुरडीह समेत आसपास के तालाबों की साफ-सफाई और बिजली व्यवस्था दुरूस्त कराने कहा।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन तालाबों में छठ पर्व मनाया जाना है उन तालाबों के पार की साफ-सफाई कराई जाए। तालाबों में बिजली व्यवस्था भी किया जाए। महापौर धीरज बाकलीवाल ने कहा कि 10 नवंबर छठ पर्व की पूजा है, इसको ध्यान में रखते हुए शहर के तालाबों के चारों ओर गैंग लगवाकर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानियों का सामना न करना पड़े। तालाबों में छठ व्रतियों के पूजा पाठ स्थल की भी बेहतर व्यवस्था की जाएगी। विदित हो कि शहर के ठगड़ा बांध, शीतला सतरूपा तालाब, दीपक नगर, पोटिया तालाब, शक्ति नगर तालाब सहित अन्य तालाबों में यह पर्व धूमधाम से मनाया जाता है. इस बार भी पर्व की महत्ता को देखते हुए निगम प्रशासन द्वारा व्यापक रूप से तैयारी की जा रही है। महापौर ने अधिकारियों को इस संबंध में विशेष निर्देश भी दिए हैं।
निरीक्षण करने पहुंचे विधायक
छठ पर्व को देखते हुए विधायक अरूण वोरा शुक्रवार को शहर के तालाबों का निरीक्षण करने पहुंचे। उनके साथ मौजूद निगम के अधिकारियों को उन्होंने बेहतर व्यवस्था करने कहा। विधायक अरूण वोरा ने कहा कि निगम क्षेत्र में आने वाले तालाबों की सफाई छठ पर्व के पूर्व किया जाना चाहिए. त्यौहार के पूर्व सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था पर विशेष व्यवस्था हो। वैसे भी निगम प्रशासन द्वारा छठ पर्व के पूर्व प्रतिवर्ष तालाबों की साफ-सफाई व्यवस्थित ढंग से की जाती रही है। इस बार भी यह व्यवस्था पूर्व की भांति किए जाने की संभावना है।


