दुर्ग
दुर्ग, 10 अक्टूबर। सांसद विजय बघेल ने प्रदेश कांग्रेस सरकार के खिलाफ जन जागरण पद यात्रा के माध्यम से दुर्ग लोकसभा क्षेत्र में मोर्चा खोल दिया है। यह जन जागरण पदयात्रा दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के पाटन विधानसभा क्षेत्र में 8 अक्टूबर से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के गृह ग्राम बेलौदी से शुरु हुआ है। पाटन विधानसभा में चल रहे जन जागरण पद यात्रा का समापन 12 अक्टूबर को कुरूदडीह में होगा।
दुर्ग लोकसभा सांसद श्री बघेल ने ग्राम दरबार मोखली में आदिशक्ति माँ दुर्गा की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना कर आशीर्वाद प्राप्त कर जन जागरण पदयात्रा के तीसरे दिन का शुभारंभ किया। यात्रा के तीसरे दिन विजय बघेल ने सेमरी, कसही, पंदर, देमार, बठेना, चंगोरी, सावनी, रुही और झिट की यात्रा कर ग्रामीणों से मुलाकात कर प्रदेश सरकार के कुशासन एवं कुनीतियों से अवगत कराया।
दुर्ग सांसद के जन जागरण पद यात्रा को अपार जन समर्थन मिल रहा है।
सांसद श्री बघेल और भाजपा पदाधिकरियों का बड़ी संख्या में ग्रामवासी गांव-गांव में अतिशबाजी, फूल माला और गाजे बाजे के साथ हर्षोल्लास से स्वागत कर समर्थन प्रदान कर रहे हैं।


