दुर्ग
कांशीनाथ जिलाध्यक्ष व महावीर महामंत्री
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 10 अक्टूबर। श्री राम जन्मोत्सव समिति का विस्तार करते हुए दुर्ग जिला अध्यक्ष सहित युवा शाखा अध्यक्ष की घोषणा समिति के प्रदेश अध्यक्ष द्वारा एक पत्रकारवार्ता में की गई है। पूर्व मंत्री एवं दिवंगत नेता हेमचंद यादव के पुत्र जीत यादव को समिति का युवा शाखा का अध्यक्ष बनाया गया है जबकि काशीनाथ शर्मा को जिला अध्यक्ष और महावीर लोढ़ा को महामंत्री का दायित्व सौंपा गया है। पत्रकारों से चर्चा करते हुए समिति के युवा शाखा के प्रदेश अध्यक्ष मनीष पांडे ने बताया कि भिलाई के अलावा अब दुर्ग जिले में राम जन्म उत्सव समिति का विस्तार किया जा रहा है। जिसके तहत ही यह नियुक्ति की गई है। उन्होंने कहा कि समिति की स्थापना 1986 में भिलाई खुर्सीपार में हुआ था तब से लेकर अब तक समिति द्वारा सामाजिक धार्मिक पर्यावरण सहित अन्य क्षेत्रों में कार्य किए जा रहे हैं।
समिति द्वारा डेंगू के प्रकोप से बचने के लिए 1100 बॉटल रक्तदान किया गया था। उसी तरह जरूरतमंदों को सूखा अनाज का वितरण किया जाता रहा। कोरोना काल में गोवंशों को आहार उपलब्ध कराने सहित गोवंश के दुर्घटनाग्रस्त होने पर उचित चिकित्सा और गौशाला भेजने का काम भी समिति ने किया है। उन्होंने कहा कि यह भाजपा का समानांतर संगठन नहीं है बल्कि हिंदूवादी संगठन जरूर ह।ै जिसका उद्देश्य सामाजिक स्तर पर लोगों को राहत पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि यह संगठन काफी हद तक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से प्रभावित है।
कार्यक्रम के दौरान श्रीराम जन्म उत्सव समिति दुर्ग के नवनियुक्त पदाधिकारियों का सम्मान एवं स्वागत भी किया गया। पत्रकार वार्ता में समिति के प्रदेश महामंत्री बुधन ठाकुर, महिला अध्यक्ष मंजू दुबे सहित अन्य लोग उपस्थित थे।


