दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुम्हारी, 10 अक्टूबर। विगत दो वर्षों से कोरोना का दंश झेल रहे लोगों ने इस क्वांर नवरात्रि में राहत की सांस ली है। तीन नवरात्र से फीका-फीका रहा माता का पर्व नवरात्रि इस वर्ष पुन: मंदिर के घंटियों की आवाज़ और ज्योत से रौशन दिखाई दे रहा है।
विगत वर्षों की अपेक्षा श्रद्धालुओं की कमी भी दिखाई देती है वहीं ज्योति कलश भी इस वर्ष अपेक्षाकृत कम ही प्रज्वलित किए गए हैं।
इस वर्ष माँ महामाया मंदिर में कुल 2061, माँ महामाया मंदिर ट्रस्ट कमेटी द्वारा 40 एवं माँ शीतला मंदिर में 134 ज्योति कलश प्रज्वलित किये गए है।
प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी प्रात: 4 बजे से माता के दर्शन हेतु श्रद्धालुओं के मंदिर जाने का क्रम प्रारंभ हो जाता है। गुरुवार से प्रारंभ इस क्वार नवरात्रि में नगर के विभिन्न स्थानों के दुर्गा पंडालों में रास गरबा की तैयारिया भी हो चुकी है, जिसमें वार्ड क्रमांक 15 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, प्रभात चौक एवं शंकर नगर शामिल हैं।


