दुर्ग

एम्स में सरोज का ऑपरेशन हुआ
08-Oct-2021 6:25 PM
एम्स में सरोज का ऑपरेशन हुआ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 8 अक्टूबर।
आज भाजपा से राज्यसभा सांसद और भाजपा राष्ट्रीय कार्यसमिति की सदस्य सरोज पाण्डेय का रायपुर एम्स में ऑपरेशन हुआ।  
एम्स के डॉक्टरों का कहना है कि वह अब खतरे से बाहर हैं। उन्हें कूल्हे के ऊपर एक फैक्चर बताया जा रहा है। ऑपरेशन के बाद कुछ दिन उपचार के बाद उन्हें डिस्चार्ज भी किया जा सकता है।
जानकारी के मुताबिक गुरुवार सुबह सरोज पाण्डेय दुर्ग के मैत्री नगर स्थित अपने बंगले में पूजा के लिए फूल तोडऩे निकली थीं। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और गंभीर चोट आईं थीं। आनन-फानन में उन्हें भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल ले जाया गया। वहां उनकी स्थिति को गंभीर बताते हुए डॉक्टरों ने उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया था। इसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें रायपुर ले जाने की सलाह दी थी। 

सांसद के भाई राकेश पाण्डेय ने जिला प्रशासन से ग्रीन कॉरिडोर की मांग की थी। जैसे ही इसकी जानकारी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को हुई, उन्होंने ग्रीन कॉरिडोर बनाकर उन्हें ले जाने के निर्देश दिए। इसके बाद कल शाम को उन्हें ग्रीन कॉरिडोर बनाकर सेक्टर-9 हॉस्पिटल से रायपुर एम्स में दाखिल कराया गया। यहां हड्डी रोग विभाग के प्रमुख डॉ. आलोक अग्रवाल की देखरेख में उनका इलाज शुरू कर दिया गया है। 

एम्स पीआरओ शिव शर्मा के मुताबिक उनकी हालत सामान्य है। फैक्चर के ऑपरेशन के बाद उन्हें वार्ड में शिफ्ट किया गया।
भाजपा महिला मोर्चा की रिंकी अग्रवाल ने बताया कि सरोज पांडेय का ऑपरेशन लगभग 12 बजे शुरू हुआ, और साढ़े 4 बजे तक चला। उनकी हालत ठीक है। कल शाम तक वह आईसीयू में ही रहेगी। 
 


अन्य पोस्ट