दुर्ग
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
भिलाई नगर, 8 अक्टूबर। सुपेला के एक व्यवसायी के पास ड्राइवर की नौकरी मांगने पहुँचा युवक नौकरी मिलते ही वाहन लेकर फरार हो गया है। व्यवसायी ने स्मृति नगर चौकी में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पुलिस के अनुसार गुरुनानक नगर दुर्ग निवासी शिकायतकर्ता मुकेश जगवानी भिलाई क्षेत्र में बेकरी को कच्चा माल सप्लाई करता है। सप्लाई के लिए उसके पास एक ईको कारगो गाड़ी है, जिसे उसका पुराना ड्राइवर इंद्रकेश गजपाल चलाता है। सोमवार को उसके यहां शफीक खान उर्फ राजू आया। उसने अपना निवास लक्ष्मी नगर सुपेला बताया और ड्राइवर की नौकरी मांगी। जगवानी को ड्राइवर की जरूरत थी, इसलिए उसने उसे काम पर रख लिया।
अगले दिन उसने शफीक खान को अपने पुराने ड्राइवर के साथ भिलाई के अलग-अलग बेकरी में रॉ मटेरियल छोडऩे के लिए भेजा। शाम को पांच बजे वे लोग वापस लौट रहे थे। रास्ते में वायशेप ब्रिज के पास पुराने चालक इंद्रकेश गजपाल ने लघु शंका के लिए वाहन रुकवाया। इसी दौरान शफीक खान उर्फ राजू गाड़ी लेकर फरार हो गया।
पुराने ड्राइवर इंद्रकेश से इसकी जानकारी मिलने के बाद जगवानी ने उसकी तलाश शुरू की। उसे सुपेला के लक्ष्मी नगर में तलाशने पर बताए गए पते के आस पास सभी ऐसे शख्स को जानने से इंकार करने लगे। कोई सुराग न मिलने पर व्यवसायी जगवानी ने स्मृति नगर चौकी में प्राथमिकी दर्ज कराई है।