दुर्ग
दुर्ग, 6 अक्टूबर। मंगलवार की दोपहर 3.30 बजे हडक़ंप मच गया। नौकरी से निकाले एक कर्मचारी ने अपनी कलाई का नस काटकर बहाली के लिए आयुक्त कक्ष के सामने बैठ गया। हाथ से लगातार खून बहने से कर्मचारी की स्थिति बिगड़ती गई। निगम के अधिकारियों की मदद से उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका प्रारंभिक उपचार किया गया। बताया जा रहा है कि संबंधित कर्मचारी करण डग्गर (28 वर्ष) सिद्धार्थ नगर निवासी है, जो नगर निगम दुर्ग में पिछले 7 साल से प्लेसमेंट एजेंसी के तहत कार्य कर रहा था।
निगम प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार कर्मचारी करण डग्गर पहले वार्ड 30 में कार्य कर रहा था। उसके कार्यों के आंकलन के बाद उसे 3 महीने पहले वार्ड 50 में शिफ्ट किया गया. जिससे वह परेशान था। जानकारी मिली है कि वह वार्ड 50 में कार्य करने नहीं जा रहा था और वार्ड 30 में ही यथावत कार्य करने की मांग कर रहा था। नस काटने की घटना को इसी से जोडक़र देखा जा रहा है। घटना के बाद सिद्धार्थ नगर के रिक्की समुद्रे व संतोष श्याम सहित निगम के कर्मचारियों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। स्वास्थ्य प्रभारी दुर्गेश गुप्ता ने बताया कि करण डग्गर प्लेसमेंट एजेंसी के तहत निगम में कार्यरत था। एमआईसी सदस्य व स्वास्थ्य प्रभारी हमीद खोखर ने संबंधित कर्मचारी को वार्ड 50 में सफाई कार्य के लिए स्थानांतरित किया।