दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 6 अक्टूबर। जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग शहर, ग्रामीण एवं भिलाई शहर के संयुक्त तत्वावधान में उत्तर प्रदेश के लखीमपुर में किसानों के साथ हुए अन्याय और अत्याचार के खिलाफ उत्तर प्रदेश के योगी सरकार को बर्खास्त करने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन कर बरसते पानी में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कलेक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया।
धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए शहर विधायक अरुण वोरा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की भ्रष्ट सरकार को जब तक उखाड़ के नहीं फेकेंगे तब तक कांग्रेसी शांत नहीं बैठेंगे। उत्तरप्रदेश के लखीमपुर में हुए किसानों के साथ अन्याय एवं अत्याचार योगी सरकार के तानाशाही रवैये को दर्शाती है। प्रदेश महामंत्री राजेंद्र साहू ने योगी सरकार की बर्खास्तगी की मांग करते हुए कहा कि भाजपा सरकार किसान विरोधी सरकार है। अब समय आ गया है कि उत्तरप्रदेश और देश से भाजपा की सरकार को उखाड़ के फेंक दें। भिलाई शहर जिला अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने कहा कि देश की आजादी खतरे में है।
पहले हमारे पूर्वजों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के रूप में अंग्रेजों से लड़े थे और आज हम सब कांग्रेसी देश को बचाने के लिए भ्रष्ट भारतीय जनता पार्टी की सरकार से लड़ रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन अलताफ अहमद एवं आभार प्रदर्शन शहर अध्यक्ष गया पटेल ने किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक प्रदीप चौबे, महापौर धीरज बाकलीवाल, लक्ष्मण चंद्राकर, सभापति राजेश यादव, शंकरलाल ताम्रकार, दीपक दुबे, प्रवक्ता संदीप श्रीवास्तव, सुमित पवार, हेमंत तिवारी, फतेह सिंह भाटिया, राकेश दुबे, अशोक मेहरा, शिवाकांत तिवारी, विकास यादव, कमलेश नागरची, कल्याण सिंह ठाकुर, संदीप बक्शी, प्रियंका मोदघरे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


