दुर्ग

दो छात्र नदी में डूबे, एक की मिली लाश
06-Oct-2021 5:19 PM
दो छात्र नदी में डूबे, एक की मिली लाश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 6 अक्टूबर।
घर से स्कूल जाने के लिए निकले 3 छात्र मंगलवार की सुबह रसमड़ा रेलवे ब्रिज के नीचे नदी में नहाने के दौरान 2 छात्र पानी के तेज बहाव में अनियंत्रित होकर नदी में डूब गए तीसरे साथी ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को इस घटना की जानकारी दी। लोगों ने इस घटना की सूचना अंजोरा चौकी पुलिस को दी। मौके पर चौकी प्रभारी देव शरण सिंह टीम सहित पहुंचे। गोताखोरों की टीम को बुलाकर डूबे छात्रों की तलाश प्रारंभ की। दोपहर को एक छात्र की लाश मिल गई। वहीं दूसरे छात्र की तलाश में गोताखोरों की टीम लगी हुई है।

रिसाली क्षेत्र निवासी कक्षा 11वीं में पढऩे वाले छात्र आदर्श चंद्राकर (17 वर्ष) पिता दिनेश चंद्राकर निवासी मरोदा सेक्टर, आयुष शांडिल्य (17 वर्ष) पिता हेराम शांडिल्य रूआबांधा निवासी अपने एक साथी तौसीफ अंसारी (17) पिता खुर्शीद आलम निवासी टंकी मरोदा के साथ मिलकर तीनों स्कूटी पर सवार होकर स्कूल न जाकर रसमड़ा क्षेत्र में घूमने  पहुंचे। लगभग 12 बजे तीनों छात्र नहाने के लिए नदी में उतरे। गहरे पानी में जाने के कारण अचानक आदर्श चंद्राकर और आयुष शांडिल्य डूब  गए। जानकारी मिलते ही गोताखोरों की टीम दोनों छात्रों की तलाश में जुट गई। दोपहर को आयुष शांडिल्य की बॉडी मिल गई थी। वहीं आदर्श  चंद्राकर की तलाश में टीम लगी हुई है। पुलिस के मुताबिक तीनों छात्र शारदा विद्यालय रिसाली में पढ़ते थे।
 


अन्य पोस्ट