दुर्ग

कॉलोनी मीटिंग में गालियां देने पर पागल कहकर भगाया, पिता लडऩे पहुंचा तो मार दिया, 3 नाबालिग सहित छ: गिरफ्तार
30-Sep-2021 9:26 PM
कॉलोनी मीटिंग में गालियां देने पर पागल कहकर भगाया, पिता लडऩे पहुंचा तो मार दिया, 3 नाबालिग सहित छ: गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 30 सितंबर।
जरा से विवाद में दो पक्षों में लाठी-डंडे चल गए और एक अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। बुधवार को उसकी मौत भी हो गई। सारा विवाद अधेड़ के बेटे के चक्कर में शुरू हुआ। आरोप है कि कॉलोनी की मीटिंग में पहुंचकर वह लोगों को गालियां दे रहा था। लोगों ने पागल कहकर भगाया तो उसका पिता लडऩे पहुंच गया। पुलिस ने इस मामले में 3 नाबालिग सहित छ: आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र का है।

बताया गया है कि 24 सितंबर की रात करीब 8 बजे गणेश विसर्जन के बाद सतनामी भवन में आय-व्यय को लेकर मीटिंग चल रही थी। पड़ोस में रहने वाले देव नारायण चतुर्वेदी (45 वर्ष) का बेटा रवि (18 वर्ष) वहां पहुंच गया। उसने अंदर आते ही वहां बैठे एक युवक सूरज को गालियां दीं। सभी ने रवि को पागल कहते हुए भगा दिया। थोड़ी देर बाद ही देवनारायण वहां 3-4 लोगों को लेकर पहुंच गया।

साथियों के साथ लाठी-डंडे लेकर पहुंचे देवनारायण ने वहां बैठे अलख निरंजन के सिर पर डंडे से वार कर दिया। इसके बाद वहां बैठे युवक और नाबालिग भडक़ गए। दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इस मारपीट में देव नारायण गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बुधवार को उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने अलख निरंजन, देव कुमार, दिलीप और 3 नाबालिगों को पकड़ा है।

परिजनों का आरोप है कि पकड़े गए आरोपी रवि को पागल-पागल कहकर चिढ़ाते थे। इसके लिए पहले भी कई बार मना किया था। घटना वाले दिन भी देव नारायण ने मना किया तो आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी। इस संबंध में पुलिस में शिकायत भी की, लेकिन मामूली धारा में केस दर्ज कर लिया गया।

देव नारायण की मौत के बाद जब शव लेकर पहुंचे तो पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को पकड़ा।


अन्य पोस्ट